योगी सरकार में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अक्टूबर में 95.63% शिकायतों का निस्तारण

लखनऊ, 12 नवंबर। योगी सरकार प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने अक्टूबर माह में शिकायतों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम) में कुल 7.41 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7,09,038 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल शिकायतों में से 95.63 प्रतिशत का समाधान हुआ।
डिस्कॉमवार आंकड़ों के अनुसार, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शिकायतों के निस्तारण में सबसे आगे रहा। यहां करीब 2.54 लाख शिकायतों का समाधान किया गया। वहीं, दक्षिणांचल में करीब 1.33 लाख, पश्चिमांचल में 1.41 लाख और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में करीब 1.12 लाख शिकायतों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (केस्को) में भी 66 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान किया गया।
बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक
अक्टूबर माह के दौरान पांचों डिस्कॉम में सबसे ज्यादा शिकायतें बिजली आपूर्ति से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अलावा बिजली सेवाओं से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर भी उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कराईं। सरकार की ओर से शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विद्युत हेल्पलाइन नंबर 1912 को प्रभावी माध्यम बनाया गया है। साथ ही शिकायतों का निस्तारण उपभोक्ताओं की संतुष्टि के आधार पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
कंट्रोल रूम से हो रही शिकायतों की निगरानी
शिकायत निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी कंट्रोल रूम और विशेष रूप से मास्टर कंट्रोल रूम में प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इसके माध्यम से लंबित शिकायतों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े और उन्हें समयबद्ध राहत मिल सके।
घर बैठे ऑनलाइन भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत
बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यूपीपीसीएल ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। उपभोक्ता टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल करके या यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘1912 शिकायत पंजीकरण’ विकल्प के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इससे शिकायत दर्ज कराने के साथ उसके निस्तारण की स्थिति पर भी नजर रखी जा सकती है।
योगी सरकार का लक्ष्य बिजली व्यवस्था को अधिक उपभोक्ता-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर बिजली सेवाएं और शिकायतों का समयबद्ध समाधान मिल सके।
Advertisements….





