PoliticsPunjab

इनेलो पार्टी लोकसभा की सभी 10 सीटों पर लड़ेगी चुनाव: अभय सिंह चौटाला

सर्वे रिपोर्ट में बीजेपी को नही मिल रहा बहुमत इसलिए मनोहरलाल को देना पड़ा इस्तीफा: अभय सिंह चौटाला

कहा – प्रदेश की जनता अबकी बार कांग्रेस को भी सत्ता से रखेगी दूर क्योंकि कांग्रेस में है गहरा विवाद

सदस्यता अभियान के तहत इनेलो पार्टी ने बनाए 5 लाख नए सदस्य, इनेलो की टिकट पर लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए आए 111 लोगों के आवेदन

पूर्व मुख्यमंत्री के लिए करनाल लोकसभा जीतना आसान नहीं होगा क्योंकि उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचारियों को दिया संरक्षण

सच्चाई यह है कि जेजेपी को भाजपा ने धक्के मार कर बाहर निकाला है, भविष्य में जेजेपी में केवल मां बेटा ही रहेंगे और इन दोनों में भी झगड़ा रहेगा, जो लोग किसी से गद्दारी और धोखा करते हैं भगवान उनको वैसे ही नतीजे देता है

चंडीगढ़, 14 मार्च। वीरवार को इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ निवास पर प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 3 दिनों में हरियाणा में राजनीतिक उथल-पुथल और राजनीतिक ड्रामा हुआ। इस दौरान असंवैधानिक काम भी हुआ है जब विश्वास मत हासिल करने के दौरान सदन में 91 सदस्य उपस्थित हुए। जबकि नियमों के अनुसार सदन में सदस्यों की संख्या 90 से अधिक नहीं हो सकती। इसी के चलते पूर्व मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दिया है। जेजेपी ने गठबंधन टूटने के बाद भी व्हिप जारी करके पार्टी सदस्यों को गैर हाजरी के निर्देश दिए ताकि बीजेपी की मदद की जा सके।
उन्होंने कहा कि मनोहर लाल को सीएम पद से इस्तीफा इस लिए देना पड़ा क्योंकि सर्वे रिपोर्ट में बीजेपी को बहुमत नहीं मिल रहा है। लोगो ने बीजेपी-जेजेपी को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। यही नहीं जनता सब कुछ जानती है और अबकी बार कांग्रेस को भी सत्ता से दूर रखेंगे क्योंकि कांग्रेस में भी गहरा विवाद है। अब युवा भी राजनेताओं को पहचानने लगे है। आज राजनीतिक लोग अपने स्वार्थ के चलते दल बदल रहे हैं जो युवाओं को कतई पसंद नहीं है। चुनाव आयोग को एक सख्त कानून बनाना चाहिए ताकि जो लोग बाद में पार्टी बदलते है उस पर रोक लगे। आज ईडी और सीबीआई का डर दिखा कर लोगों को डराया जा रहा है। अगर दल बदल पर रोक लग जाये तो ईडी और सीबीआई का डर खत्म हो जाएगा। विश्वास मत के दौरान सीएम ने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे जनता की समस्या को दूर किया जा सके। कानून व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी को लेकर सीएम नायब सैनी ने कुछ नहीं बोला और सदन मे केवल मात्र पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तारीफ की। नए सीएम से उम्मीद है कि वो उनकी सरकार में प्रदेश में हुए 24 घोटालों की जांच करवाएंगे। कौशल रोजगार निगम को बंद कर युवाओं को स्थायी नौकरी देंगे और ईमानदारी से लोगो की समस्याओं पर ध्यान देंगे। साथ ही अभय सिंह ने देश में जनप्रतिनिधियों के काम नहीं करने पर वापिस बुलाने के कानून बनाने की मांग को भी फिर से दोहराया।
दीपेंद्र हुड्डा का इनेलो पार्टी पर वोट काटने के ब्यान पर पलटवार
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि दीपेंद्र अपने आप को बड़ा नेता समझ रहा है। अगर इनेलो पार्टी वोट काटने का काम करती है तो वे ऐलनाबाद उपचुनाव लडऩे क्यों गए? असल में बाप-बेटे ने कांग्रेस को पूरी तरह से खत्म कर दिया है और बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसे गलत बयान दे रहे हैं।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत इनेलो पार्टी ने 5 लाख नए सदस्य बनाए हैं और अभी भी लोग सदस्य बनने की माँग कर रहे है। उन्होंने ऐलान किया कि इनेलो पार्टी लोकसभा की सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा उम्मीदवारों का चयन करने के लिए एक 5 सदस्यों की टीम बनाई है। अब तक लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए गुरुग्राम से 10, फरीदाबाद से 13, भिवानी से 9, रोहतक से 10, करनाल से 7, कुरुक्षेत्र से 9 सिरसा से 22 और हिसार से 14 लोगों के आवेदन आए हैं। आचार संहिता लगते ही पार्टी की बैठक बुलाकर फैसला करेंगे।

Related Articles

Back to top button
Event Services