देहरादून में भारी बारिश, स्कूल बंद
ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला, सरकारी-निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
प्रशासन ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। वहीं, संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।
Advertisement………





