बच्चों के हित में सक्रिय भूमिका निभाए ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति: साक्षी शर्मा

बदायूं। समग्र विकास संस्थान द्वारा क्राई (Child Rights and You – CRY) के सहयोग से ब्लॉक जगत के ग्राम खिरिया रहलू, सुंदरनगर, हयातनगर और कुठिया में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों के लिए क्षमता वर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं बच्चों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था समन्वयक द्वारा ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के गठन, उसके उद्देश्य, कार्य एवं जिम्मेदारियों की जानकारी देकर की गई। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, शोषण, हिंसा, उत्पीड़न तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों से आह्वान किया गया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पात्र बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें।

कार्यक्रम में स्पॉन्सरशिप योजना, जीरो पॉवर्टी योजना, बाल श्रमिक विद्या योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरतमंद बच्चों को इनका लाभ दिलाया जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्था अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने उपस्थित लोगों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम 6 से 14 वर्ष के प्रत्येक बच्चे के शिक्षा के अधिकार और उसके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन होना आवश्यक है, जिससे वह बाल श्रम और अन्य सामाजिक कुप्रथाओं से दूर रह सके।

उन्होंने कहा कि एक आदर्श विद्यालय में शिक्षा, सुरक्षा और बच्चों की सहभागिता से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं होनी चाहिए। जब तक ये व्यवस्थाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं होंगी, तब तक शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 का प्रभावी क्रियान्वयन संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून को सफल बनाने की जिम्मेदारी केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की है। सभी को अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

कार्यक्रम में संस्था की ओर से विशाल दीक्षित, गौरव कुमार, कैलाश कुमार, पिंकी, बुशरा, उमराय सिंह एवं अयान सहित चारों गांवों के कुल 35 सदस्य उपस्थित रहे।
Advertisement…





