State NewsTour & TravelUttar Pradesh

दीपोत्सव से अयोध्या के होमस्टे कारोबार को मिली नई रफ्तार

सात दिनों में 15 लाख पर्यटक पहुंचे रामनगरी, 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

दीपोत्सव में शत-प्रतिशत बुक रहे होमस्टे • स्थानीय परिवारों की बढ़ी आमदनी • महिलाओं और युवाओं को मिला रोजगार

लखनऊ/अयोध्या, 10 नवंबर। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की भव्यता ने इस बार पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार को भी नई ऊंचाई दी है। 36 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी और 2100 ड्रोन के भव्य शो को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों पर्यटक पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी आमद से होटल और होमस्टे कारोबार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। खास बात यह रही कि पर्यटकों ने होटलों के साथ स्थानीय परिवारों द्वारा संचालित होमस्टे को भी प्राथमिकता दी। इससे संचालकों की कमाई बढ़ी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए।

सात दिनों में 15 लाख पर्यटकों का आगमन

एक से सात नवंबर तक अयोध्या में करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में आठ लाख से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ था। वहीं, रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पिछले वर्ष के पांच लाख से बढ़कर इस बार करीब 10 लाख हो गई। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा लाभ स्थानीय कारोबार को मिला। दीपोत्सव के दौरान कई होमस्टे पूरी तरह बुक रहे और पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया।

होमस्टे संचालकों की कमाई में 130 प्रतिशत तक उछाल

श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य के अनुसार दीपोत्सव के दौरान कारोबार में सामान्य दिनों की तुलना में करीब 120 से 130 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई। सभी कमरे बुक रहे। महाराष्ट्र से आए पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया। घर का बना भोजन, पारिवारिक माहौल और हनुमानगढ़ी के लड्डू मेहमानों को खूब पसंद आए। यहां 1000 से 1200 रुपये प्रतिदिन के किराये पर कमरे उपलब्ध होने से पर्यटकों को किफायती सुविधा मिली।

घरेलू माहौल और घर के खाने ने जीता पर्यटकों का दिल

कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां रोजाना सभी कमरे भरे रहे। परिवार के साथ आए पर्यटकों ने घर में तैयार ताजा भोजन को प्राथमिकता दी। छोटे बच्चों के लिए हल्का भोजन और गर्म पानी जैसी सुविधाओं ने मेहमानों का अनुभव बेहतर बनाया। कई पर्यटकों ने यहां ठहरने को रिश्तेदारों के घर जैसा अनुभव बताया।

श्री शिवाय होमस्टे के संचालक प्रवीण मिश्रा ने बताया कि उनके यहां शत-प्रतिशत बुकिंग रही। गुजरात सहित कई राज्यों से आए पर्यटकों ने घरेलू माहौल और आतिथ्य की सराहना की। अधिक मांग के चलते कई पर्यटकों को कमरे उपलब्ध नहीं हो सके।

महिलाओं और युवाओं को भी मिला रोजगार

पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान करीब 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे। पर्यटकों का स्वागत अयोध्या के प्रसिद्ध खुर्चन पेड़े से किया गया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने दूसरे शहर में नौकरी का प्रस्ताव मिलने के बावजूद अयोध्या में रहकर पारिवारिक कारोबार से जुड़ने का निर्णय लिया। इस कारोबार से दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।

द रामा जंक्शन (बीएंडबी) की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि उनके पति के सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद होमस्टे परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया बना है। दीपोत्सव के दौरान सभी कमरे बुक रहे। केरल और तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने यहां ठहराव किया। इससे परिवार की आमदनी बढ़ने के साथ उनके पति को भी सक्रिय रहने का अवसर मिला है।

पर्यटन से स्थानीय परिवारों की आजीविका हो रही मजबूत : जयवीर सिंह

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। अयोध्या में होमस्टे के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान बताता है कि पर्यटन का लाभ अब स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है। लोग अपने घरों में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के साथ दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या में होमस्टे तेजी से पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इनके माध्यम से पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। वहीं, स्थानीय परिवारों को अपनी आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का मौका मिल रहा है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती

अयोध्या में होमस्टे कारोबार का बढ़ता दायरा पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था में आ रहे सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है। दीपोत्सव के दौरान मिले कारोबार ने स्थानीय परिवारों को अतिरिक्त आमदनी देने के साथ युवाओं और महिलाओं के लिए अपने ही शहर में रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं भी खोली हैं।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button