Politics

CM बोले- सपा सरकार में कानपुर में कट्‌टे बनते थे:आज डिफेंस कॉरिडोर के रूप में मिली अलग पहचान; UP में अब उपद्रव नहीं, उत्सव का माहौल

निकाय चुनाव के दूसरे चरण में आज प्रचार का आखिरी दिन है। CM योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में जनसभा को संबोधित किया। मंच पर पहुंचते ही CM का स्वागत मंत्रोच्चार से हुआ। उन्होंने कहा, “कानपुर आज नई पहचान के लिए आगे बढ़ रहा है। सपा सरकार में कानपुर में कट्टे बनते थे, लेकिन आज कानपुर डिफेंस कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है। देश की रक्षा उत्पादन के एक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।”

CM ने कहा, “पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण अकेले सीसामऊ में 14 करोड़ लीटर सीवर मां गंगा में गिराकर उनके अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करने का प्रयास हुआ था। डबल इंजन की सरकार ने नालों को बंद करवाया। आज वहां नाले का एक बूंद भी पानी नहीं गिरता। आज सीसामऊ सेल्फी पॉइंट बना है। कभी कानपुर ने देश के अंदर अपनी अलग पहचान बनाई थी। कानपुर की पहचान देश के टेक्सटाइल के साथ ही देश के सबसे बड़े औद्योगिक नगरों के रूप में थी, लेकिन बीती सरकारों ने हमेशा कानपुर की उपेक्षा की।”

”कानपुर में दंगे के जिम्मेदार आज सपा प्रत्याशी”
CM योगी ने कहा, “जो कानपुर में दंगे-कर्फ्यू के लिए जिम्मेदार थे, वह सपा के प्रत्याशी बनकर सामने आए हैं। उनकी मातृ शक्ति के लिए टिप्पणियां और रामायण के प्रति सोच किसी से छिपी नहीं है। आज शोहदों का आतंक नहीं, सेफ सिटी की पहचान बन रही है। गुंडा टैक्स रंगदारी की वसूली की जगह व्यापारियों को सुरक्षा दी गई है।

जो काम नहीं करते, उन्हें कारनामों पर विश्वास है
योगी ने कहा कि कानपुर के बारे में लोगों के मन में अनेक आशंकाए थीं, क्योंकि जो काम नहीं करते वो अफवाह का सहारा लेते हैं, उनको पुरुषार्थ पर विश्वास नहीं उन्हें तो कारनामों पर विश्वास है।

जनसभा में शामिल होने आए जूही परमपुरवा निवासी बाबा अनुवार फरीदी बजरंगबली का गदा लेकर पहुंचे। उनके साथ किदवई नगर निवासी गोलू भाटिया बजरंगबली का मुखौटा लगाए थे।

यूपी में अब उपद्रव नहीं, उत्सव का माहौल
कभी कानपुर कर्फ्यू के लिए जाना जाता था। अब नो कर्फ्यू नो दंगा…यूपी में सब चंगा। यूपी में अब उपद्रव नहीं, उत्सव का माहौल है। कानपुर का भव्य एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुका है, इसी महीने इसका उद्घाटन किया जाना है। लखनऊ कानपुर के बीच में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस हाईवे एक नई पहचान बना रहा है। पांच सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला राज्य यूपी बनने जा रहा है।

यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य है’
योगी ने कहा, “सपा ने अपने शासनकाल में कानपुर के लिए कुछ नहीं किया। यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य है। सबसे ज्यादा मेट्रो वाला शहर है। आगरा में जल्द मेट्रो चलाने जा रहे हैं। कानपुर को जल्द ही हवाई सेवाएं बढ़ेंगी। अपना टर्मिनल मिलने वाला है। यूपी में आज सब कुछ है।”

उन्होंने कहा, “2017 के पहले यूपी के नगरीय क्षेत्र कूड़े का ढेर लगते थे। आज 17 नगर निगम स्मार्ट सिटी बना रहे हैं। कानपुर नगर में अब तक 22 हजार से अधिक लोगों को आवास मिला है।”

सीएम योगी ने कहा- भाजपा सरकार में गुंडा टैक्स रंगदारी की वसूली की जगह व्यापारियों को सुरक्षा दी गई है।

सीएम योगी ने कहा- भाजपा सरकार में गुंडा टैक्स रंगदारी की वसूली की जगह व्यापारियों को सुरक्षा दी गई है।

गाड़ियों को रोकने पर कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प
CM योगी आदित्यनाथ की जनसभा स्थल पर जाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बैरिकेडिंग के आगे सिर्फ बड़े नेताओं की ही गाड़ी जा रही थी। ऐसे में स्कूटी और बाइक से पहुंचे कार्यकर्ताओं को गेट के बाहर ही रोक दिया गया। इस पर कई भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हो गई। बीच-बचाव कर पुलिस ने मामले को शांत किया।

बाइक से पहुंचे कार्यकर्ताओं को गेट के बाहर ही रोक दिया गया, इससे कार्यकर्ता नाराज हो गए।

बाइक से पहुंचे कार्यकर्ताओं को गेट के बाहर ही रोक दिया गया, इससे कार्यकर्ता नाराज हो गए।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और संघ के कार्यकर्ता संजय वाजपेई अपनी स्कूटी से जनसभा की तरफ जा रहे थे, तभी एक सिपाही और दरोगा ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। उन्होंने आगे जाने का निवेदन किया तो इस पर पुलिस कर्मी उन पर भड़क गए। यह देख पास में खड़े कलेक्टरगंज मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत द्विवेदी अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गई।

50 हजार लोगों की भीड़ पहुंची
CM के कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों की भीड़ जुटी। इसके लिए पार्टी ने पूरा मैनेजमेंट पहले ही झोंक दिया था। पार्षदों को भीड़ जुटाने का जिम्मा सौंपा गया था। सभी प्रत्याशियों को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के निर्देश पार्टी की ओर से दिए गए थे। चुनावी सभा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।

बांदा और चित्रकूट में भी जनसभा
मुख्यमंत्री कानपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए सीधे बांदा के लिए रवाना हो गए हैं। बांदा में जनसभा को संबोधित करने के बाद चित्रकूट के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां वे करीब दोपहर 3 बजे रामायण मेला परिसर में उतरेंगे। यहां से मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button
Event Services