State NewsUttar Pradesh

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गोरखनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, सीएम योगी ने किया स्वागत

गोरखपुर, 5 नवंबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने गुरुवार सुबह प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में पहुंचकर शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

मंदिर पहुंचने पर नितिन नबीन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम योगी ने कराया मंदिर परिसर का भ्रमण

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया और गोरखनाथ मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक परंपराओं तथा नाथपंथ के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को अंगवस्त्र, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया।

मंदिर में प्रसाद और जलपान ग्रहण करने के बाद नितिन नबीन पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल, विजय दूबे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और विधायक विपिन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button