State NewsUttar Pradesh

बरेली क्लब लिमिटेड का प्रतिष्ठित “मे क्वीन बॉल 2026” 23 मई को होगा आयोजित

बरेली। बरेली क्लब लिमिटेड अपने प्रतिष्ठित और तीन दशक पुराने सिग्नेचर इवेंट “मे क्वीन बॉल 2026” का आयोजन शनिवार, 23 मई 2026 को क्लब के फ्रंट लॉन में शाम 8:30 बजे से करेगा। यह भव्य आयोजन शहर के सबसे चर्चित सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में से एक माना जाता है।

“मे क्वीन बॉल” ने वर्षों से अपनी विशेष पहचान बनाई है। इसी मंच ने विश्व सुंदरी प्रियंका चोपड़ा को भी मिस वर्ल्ड के सफर की ओर अग्रसर किया था, जिसके बाद यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना।

इस प्रतिष्ठित सौंदर्य एवं प्रतिभा प्रतियोगिता में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग की अविवाहित युवतियों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति के अनुसार प्रवेश फॉर्म कार्यालय समय प्रातः 9 बजे से सायं 7 बजे तक निम्न स्थानों पर उपलब्ध हैं—

  • बरेली क्लब लिमिटेड कार्यालय
  • होटल रामाडा एंकोर, बरेली
  • चावला एंड एसोसिएट्स, रामपुर गार्डन, बरेली

प्रतिभागियों के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए गए हैं। आवेदन फॉर्म प्रतिभागी को स्वयं अपने हस्तलेख में भरना होगा। साथ ही पूर्ण रूप से भरे गए फॉर्म पर प्रतिभागी एवं उसके माता-पिता अथवा अभिभावक के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। प्रत्येक आवेदन पत्र पर बरेली क्लब लिमिटेड के किसी सदस्य की अनुशंसा (Endorsement) भी आवश्यक होगी।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई 2026 कार्यालय समय समाप्त होने तक निर्धारित की गई है। चयनित प्रतिभागियों का ऑडिशन आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड अमन गरेवाल के मार्गदर्शन में प्रोफेशनल ग्रूमिंग एवं ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

फिनाले में प्रतिभागियों के लिए चार अलग-अलग श्रेणियों में स्टेज परफॉर्मेंस राउंड आयोजित होंगे, जिनका मूल्यांकन प्रसिद्ध एवं अनुभवी जजों द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेताओं एवं रनर-अप का चयन विशेष मानकों के आधार पर किया जाएगा।

इस भव्य शाम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, क्लब सदस्य एवं उनके परिवार शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध डांस ट्रुप, गायक एवं अन्य स्टेज कलाकारों द्वारा मनोरंजक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

आयोजकों ने इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी उपरोक्त स्थानों पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button