‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान, सीएम योगी ने किया शुभारंभ

पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर लखनऊ के प्रेरणा स्थल पर हुआ कार्यक्रम
लखनऊ, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। अभियान के तहत पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्थल पर मौजूद विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया और बच्चों को चॉकलेट वितरित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती भी है। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पकार बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘न्यू इंडिया’ के निर्माण का शिल्पकार बताया। उनके अनुसार, देश में नई पहचान, आधुनिक बुनियादी ढांचे और तकनीक के क्षेत्र में बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी निर्मल, डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisements….





