रोहिलखंड विश्वविद्यालय में खुलेगा भारतीय ज्ञान परंपरा अनुसंधान केंद्र

प्राचीन भारतीय विज्ञान, गणित, आयुर्वेद और संस्कृति पर होगा शोध, कार्य परिषद से मिली मंजूरी
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय में भारतीय संस्कृति और प्राचीन ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा अनुसंधान केंद्र की स्थापना की जाएगी। कुलपति आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल को विश्वविद्यालय की कार्य परिषद से मंजूरी मिल गई है। केंद्र के माध्यम से प्राचीन भारतीय विज्ञान, गणित, खगोल विज्ञान, आयुर्वेद, योग, दर्शन और शासन व्यवस्था जैसे विषयों पर शोध को प्रोत्साहित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस केंद्र का उद्देश्य भारतीय ज्ञान प्रणाली को आधुनिक शिक्षा से जोड़ना और विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को भारतीय विद्वानों की उपलब्धियों से परिचित कराना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप की जा रही है। इसके तहत भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक पाठ्यक्रमों में शामिल करने और शोध गतिविधियों को विस्तार देने पर जोर रहेगा।
विज्ञान और प्राचीन ज्ञान परंपरा पर होगा शोध
प्रस्तावित केंद्र में प्राचीन भारतीय वैज्ञानिक उपलब्धियों, गणितीय सिद्धांतों, खगोल विज्ञान, चिकित्सा पद्धति और योग के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। इसके साथ ही भारतीय दर्शन, सामाजिक व्यवस्था और पारंपरिक शासन प्रणाली पर भी शोध को बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान प्रणाली के विभिन्न विषयों पर अध्ययन और अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों पर भी जोर
अनुसंधान केंद्र में प्रकृति और मानव के बीच सामंजस्य, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास से जुड़े भारतीय विचारों का अध्ययन भी किया जाएगा। योग, ध्यान, आत्मचिंतन और अनुभव आधारित शिक्षा जैसी परंपराओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ जैसे आदर्शों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और विश्व कल्याण की भावना को भी शिक्षा से जोड़ने का प्रयास होगा।
युवाओं को विरासत से जोड़ने की पहल
कुलपति आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय की इस पहल को विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और अनुसंधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस केंद्र से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन बौद्धिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही भारतीय ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बीच संवाद को नई दिशा मिलेगी।
Advertisements…..





