नफरत मिटाने के लिए बुद्ध के रास्ते पर ही चलना होगा-अविनाश पांडेय

तथागत की कर्मभूमि श्रावस्ती में आज कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में समन्वय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा बुद्ध ने समकालीन कोशल महाजनपद की दूसरी राजधानी श्रावस्ती में सर्वाधिक 21 वर्षावास किए थे। निश्चित रूप से यह नगर तथागत को सर्वाधिक प्रिय था अर्थात इस नगर के हमारे पुरखों ने धार्मिक आडंबर एवं दलितों, पिछड़ों के जीवन पर निषेध, नियंत्रण, तिरस्कार अपमान को संस्थागत रूप देने वाली परंपराओं को खारिज किया। उसकी जगह तथागत की सामाजिक बराबरी, अहिंसा और करुणा के संदेश को अपनाया था। तथागत भारत भूमि पर पैदा हुए एक विश्व पुरुष है, जिनका परचम आज भी सिंहल से साइबेरिया तक अर्थात बर्मा, वियतनाम, थाईलैंड, कंबोडिया, मंगोलिया, तिब्बत, चीन, जापान तक फहरा रहा है। लेकिन उनकी विरासत का दाखिल खारिज अगर किसी हिस्से के नाम दर्ज है तो वह श्रावस्ती है।इस पवित्र भूमि से खड़ा होकर मैं यहां की विरासत के बूते पर कह सकता हूं कि भाजपा द्वारा प्रायोजित नफरत की संस्कृति के खिलाफ जंग में हम जीतेंगे। उन्होंने कहा कि 2024 की चुनावी संघर्ष वैचारिक स्तर पर नफरत की संस्कृति के खिलाफ तथागत,कबीर, नानक, गांधी, बाबा साहब के अमन-चौन के पैगाम के बीच की जंग है। जिसमें हम तथागत के रास्ते पर चलकर सफल होंगे। भारत भूमि से नफरत की ताकत को हमेशा के लिए मिटा दिया जाएगा।
उन्होंने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार अभिव्यक्ति की आजादी पर ताला लगाकर, संवैधानिक संस्थाओं को जंजीरों में जकड़ कर, प्रतिपक्ष के नेताओं को कारागार में डालकर अगर यह सोचती है कि भारत का संविधान खत्म कर देगी तो वह गलतफहमी में है। भारत का संविधान इस देश की जनता के दिलों में मौजूद है, उनके सपनों में है। बाबा साहब की विरासत कोई स्थूल वस्तु नहीं है,वह दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आधी आबादी का एक स्वप्न है जो गैर बराबरी, गुलामी और किसी भी तरह के भेदभाव से मुक्ति भरोसा है। उस स्वप्न को मिटाना असंभव है।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि आज संविधान खतरे में है, आरक्षण खतरे में है, हमारे देश के संसाधनों पर भी खतरा है। मोदी के 22 मित्रों के पास देश के आधी आबादी की संपत्ति के बराबर की दौलत इकट्ठी है। 80 करोड लोग 5 किलो राशन की लाइन में लगे हुए हैं। देश का अन्नदाता बेहाल है, किसानों के कर्ज माफी के बजाय मोदी सरकार अपने कॉर्पाेरेट मित्रों के लोन माफ कर रही है। नौजवान बेरोजगारी से परेशान है। सरकार रिक्त पड़े 30 लाख पदों की भर्ती के बजाय आउटसोर्सिंग और संविदा संस्कृति का झुनझुना पकड़ा रही है। दो करोड़ रोजगार देने का जुमला अब प्रधानमंत्री के कंठ से गलती से भी नहीं निकलता। अग्नि वीर जैसी योजनाओं से देश की प्रतिरक्षा के सम्मुख भी खतरा पैदा हो गया है। हमारी बहनों और माताओं की अस्मिता को खतरा है क्योंकि प्रज्जवल रेवन्ना, बृजभूषण शरण सिंह, चिन्मयानंद, कुलदीप सेंगर जैसे तमाम नेताओं को भाजपा राजनीतिक संरक्षण देती रही है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि यह सरकार असहमति की आवाज को सदन से सड़क तक खामोश कर रही है।जनता को सरकारी तंत्र से डरा दिया गया है। ऐसे वातावरण में राहुल गांधी देश के सम्मुख आशा की किरण के रूप में प्रकट हुए। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के द्वारा देश के सभी अंचलों में हाशिए के समाज के बीच में जाकर उनके अंदर भरोसा पैदा किया और मोदी सरकार से आंखों में आंखें डालकर सवाल किया। कांग्रेस प्रभारी ने अपने निजी अनुभव के आधार पर यह कहा की 65 से अधिक लोकसभा सीटों पर समन्वय बैठकों के बाद में यह विश्वास से कह सकता हूं कि पूरे देश की तरह उत्तर प्रदेश में भी बदलाव की लहर है। 4 जून को जब परिणाम आएगा तो उत्तर प्रदेश में भाजपा को सबसे बुरी हार का मुंह देखना पड़ेगा। समन्वय बैठक कांग्रेस प्रभारी के राजनीतिक अनुभव एवं संगठन कौशल की देन है, जिनके सहारे उन्होंने कांग्रेस के खोए हुए सामाजिक आधार को फिर से कांग्रेस के साथ जोड़ने में तारीखी सफलता हासिल की है। उन्होंने आज अपने समन्वय बैठकों की श्रृंखला में श्रावस्ती, कैसरगंज और गोंडा लोकसभा सीटों पर बैठक संपन्न की। यहां इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने मंच पर मौजूद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी प्रदेश स्तरीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि आप भाजपा के खिलाफ पढ़ने वाले 63 प्रतिशत मतों की रहनुमाई कर रहे हैं। हमें यह समन्वय बूथ स्तर पर भी स्थापित करने होगा जाहिर है कांग्रेस प्रभारी ने बूथ विजय संकल्प अपनी बैठकों का केंद्रीय वस्तु बना लिया है। उन्होंने यहां भी कहा कि याद रखिए जो बूथ जीतेगा, वही देश जीतेगा।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601