State NewsUttar Pradesh

सुनिश्चित होगा हर व्यक्ति की समस्या का समाधान : मुख्यमंत्री

गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की समस्याएं

गोरखपुर, 30 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि “चिंता मत करिए, सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्रतिबद्धता से कराएगी।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए तथा बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों को न्याय मिले।

भू-माफिया पर कार्रवाई और योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस्टीमेट उपलब्ध होने के बाद सरकार के विवेकाधीन कोष से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

गुरु पूजा के बाद सीएम योगी ने की गोसेवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की। बुधवार, आश्विन कृष्ण चतुर्थी को महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर ने उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर की गोशाला पहुंचे और गायों एवं गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए संतजन भी गोशाला में उपस्थित रहे।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button