State NewsUttar Pradesh

यूपीआईटीएस 2026 में छाया उत्तर प्रदेश पर्यटन

5.5 लाख तक लोगों ने देखा पर्यटन पवेलियन, 10 हजार यात्रा गाइड और इटिनरेरी वितरित

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का पवेलियन लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। ट्रेड शो के दौरान 5 से 5.5 लाख तक आगंतुकों ने पवेलियन का भ्रमण किया, जबकि करीब 10 हजार प्रिंटेड यात्रा गाइड और इटिनरेरी लोगों ने प्राप्त किए।

पर्यटन विभाग के अनुसार, करीब 100 निवेश एवं सहयोग संबंधी पूछताछ प्राप्त हुई। वहीं विभागीय अधिकारियों ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों और उत्पादों के प्रचार-प्रसार को लेकर करीब 20 टूर ऑपरेटरों के साथ चर्चा की।

नए पर्यटन स्थलों में भी बढ़ी रुचि

पवेलियन में अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी के साथ नीब करौरी बाबा ट्रेल, कन्नौज की इत्र विरासत, वन्यजीव एवं इको-टूरिज्म जैसे नए पर्यटन अनुभवों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इससे पर्यटकों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक पर्यटन स्थलों से आगे नए गंतव्यों की जानकारी मिली।

डिजिटल माध्यम से भी जुड़ रहे पर्यटक

पर्यटन स्थलों और यात्रा योजनाओं से जुड़ी डिजिटल सामग्री के लिए करीब 500 क्यूआर कोड आधारित एक्सेस दर्ज किए गए। इसके माध्यम से आगंतुकों को भविष्य की यात्रा की योजना बनाने के लिए गंतव्यों और मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

निवेश और साझेदारी पर भी चर्चा

पवेलियन में हॉस्पिटैलिटी परियोजनाओं, पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटक सुविधाओं और अनुभव आधारित पर्यटन से जुड़े निवेश पर चर्चा हुई। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं से संभावित निवेशकों और भागीदारों को अवगत कराया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के पर्यटन की विविधता को अनुभव आधारित यात्राओं के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि UPITS में मिली प्रतिक्रिया से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ अन्य गंतव्यों को देखने में भी लोगों की रुचि का पता चलता है।

अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक कार्य अमृत अभिजात ने कहा कि पवेलियन ने एक ओर जहां पर्यटकों को आकर्षित किया, वहीं दूसरी ओर ट्रैवल ट्रेड और निवेश के लिए भी मंच उपलब्ध कराया। प्राप्त पूछताछ और टूर ऑपरेटरों के साथ हुई चर्चाओं को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित टीमों को भेजा गया है।

वर्चुअल रियलिटी से जीवंत हुआ ब्रज

पवेलियन में भगवान कृष्ण की ब्रज लीला पर आधारित वर्चुअल रियलिटी प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा ऑगमेंटेड और वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों का अनुभव कराया गया। इंटरैक्टिव मैग्नेटिक फील्ड गेम, लाइव जरदोजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पवेलियन को और आकर्षक बनाया।

Advertisements…….

Related Articles

Back to top button