पत्रकार एसोसिएशन ने मनाई पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती

सूचना निदेशालय में विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित
मुख्य अतिथि विशाल सिंह बोले—‘अंत्योदय की भावना को जन-जन तक पहुंचाना ही पं. दीनदयाल को सच्ची श्रद्धांजलि’
लखनऊ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर सूचना निदेशालय, लखनऊ में राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवनपुत्र बादल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक विशाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने पर जोर
मुख्य अतिथि सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ का दर्शन देकर भारतीय राजनीति एवं सामाजिक चिंतन को नई दिशा देने का कार्य किया। उनका विचार था कि विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अंत्योदय की भावना को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य जरूरतमंद वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विशाल सिंह ने कहा कि सूचना विभाग की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष कतील शेख और संरक्षक अब्दुल वहीद ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

अरविंद कुमार मिश्रा ने पं. दीनदयाल के विचारों को किया याद
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन त्याग और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का मार्ग दिखाया, जो आज भी प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जुबैर अहमद ने अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

पत्रकारिता और साहित्यिक योगदान पर चर्चा
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार डॉ. सुल्तान शाकिर हाशमी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पंडित दीनदयाल के पत्रकारिता, साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान को रेखांकित किया।
उन्होंने राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के संरक्षक अब्दुल वहीद एवं अध्यक्ष कतील शेख की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान और विचारों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है।
दान्या शेख के वक्तव्य की सराहना
कार्यक्रम की शुरुआत में दान्या शेख ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों पर अंग्रेजी में प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किया। उपस्थित अतिथियों ने उनके वक्तव्य की सराहना की।
अध्यक्षीय संबोधन में पवनपुत्र बादल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष कतील शेख ने संगठन की पत्रकारिता एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं संरक्षक अब्दुल वहीद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित
जयंती समारोह के दौरान सूचना निदेशालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सियाराम पाण्डेय, जुबैर अहमद, नशीता शेख, पूर्वाशी पाठक, वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश भारती, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, चंद्र मोहन, अमित कुमार यादव, प्रभात श्रीवास्तव, परशुराम मौर्य, राजीव सिंह, दिनेश गुप्ता, शादाब, पंकज पाल, ज्योति, अशोक सिंह, संजय निर्मल, प्रमोद कुमार, अन्नू यादव, अनिल सिंह, शोभित शुक्ला, विकास परमार, संदीप ओझा और विनोद कुमार सहित सूचना निदेशालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Advertisements….




