कब्जामुक्त कराएं जमीन, दबंगों को सिखाएं कानूनी सबक: मुख्यमंत्री योगी

बारिश के बावजूद सीएम योगी ने किया जनता दर्शन, करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं
गोरखपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बारिश के बावजूद गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कर करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। दूरदराज से आए लोगों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बारिश के कारण लोगों की सुविधा को देखते हुए जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पताल के एस्टीमेट से संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पात्र लोगों को इलाज के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
Advertisements…





