भारत की ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से नई पीढ़ी तक पहुंचाएं: योगी

24 सितंबर, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत के वैभव के साथ उसकी समृद्ध ज्ञान परंपरा को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल में भारतीयों को उनकी भाषा, परंपराओं, मूल्यों और जड़ों से दूर करने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री गुरुवार को श्री गोरखनाथ मंदिर में ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर आयोजित सप्त दिवसीय समारोह के व्याख्यान-सत्र को संबोधित कर रहे थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत अपनी ज्ञान परंपरा के कारण विश्वगुरु रहा है। तक्षशिला, नालंदा, काशी, उज्जैन और कांची जैसे केंद्र इसकी समृद्ध शैक्षणिक परंपरा के प्रमाण हैं। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय इतिहास और ज्ञान परंपरा से जुड़े तथ्यों को प्रमाण के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटाइजेशन का उल्लेख करते हुए पाणिनि, चाणक्य, आयुर्वेद, विज्ञान, खगोल और भारतीय शिल्प जैसी परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने का आह्वान किया।
Advertisements…..





