State NewsUttar Pradesh

राष्ट्र निर्माण में पं. गोविंद बल्लभ पंत का योगदान अविस्मरणीय : मुख्यमंत्री योगी

139वीं जयंती पर लोकभवन में मुख्यमंत्री ने पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

लखनऊ, 10 सितंबर। भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को लोकभवन प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पं. पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात अधिवक्ता और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि पं. पंत ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1925 के काकोरी ट्रेन एक्शन के बाद क्रांतिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पैरवी करने वाले प्रमुख अधिवक्ताओं में पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी शामिल थे। उन्होंने अपने पेशे को भी राष्ट्रहित से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1937 में पंडित गोविंद बल्लभ पंत संयुक्त प्रांत के प्रीमियर चुने गए। स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1947 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला। उस समय वर्तमान उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसके बाद पंडित पंत ने राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1954 में उन्हें देश का गृह मंत्री बनाया गया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी वर्तमान और भावी पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है। उनकी जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button