State NewsUttar Pradesh

स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र ने बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर: योगी आदित्यनाथ

2017 के बाद सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क में हुआ अभूतपूर्व विस्तार

लखनऊ, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से प्रदेशवासियों को वर्ष 2017 के बाद सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए बदलावों की जानकारी दी।

2017 से पहले दयनीय थी स्थिति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां कम करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये समय की बचत, बेहतर सुविधाओं और समृद्धि की नई संभावनाओं के द्वार भी खोलते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी।

एक्सप्रेस-वे और हवाई सेवाओं का हुआ विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। इसी प्रकार, पहले हवाई सेवाएं चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क का विस्तार हुआ है।

सात शहरों में मेट्रो से बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के किसी भी शहर में मेट्रो सेवा संचालित नहीं थी, जबकि आज सात शहरों में मेट्रो जनजीवन को नई गति दे रही है। बेहतर परिवहन सुविधाओं से लोगों की आवाजाही आसान हुई है और विकास की संभावनाओं को विस्तार मिला है।

किसानों, युवाओं और कारोबारियों को मिल रहे नए अवसर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों की उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार तक पहुंच सुगम हुई है, जबकि कामकाजी लोगों के समय की बचत हो रही है। इसके साथ ही पर्यटन का विस्तार होने से स्थानीय परिवारों की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की यह गति गांवों से कस्बों और कस्बों से शहरों तक नागरिकों के जीवन में बदलाव ला रही है। हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान बन रही है।

Advertisements….

Related Articles

Back to top button