Life Style

महिलाओं ने साझा किया सफलता का सफर

महिला विंग द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता पर हुई चर्चा

बरेली संवाददाता। सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लेडीज एसोसिएशन, महिला विंग द्वारा ‘शगुन से स्टार्टअप तक’ (A Celebration of Women in Business) विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं अतिथियों ने भाग लिया और उत्साहपूर्ण व गरिमामय माहौल में अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घर से काम करने वाली महिलाओं, स्वतंत्र उद्यमियों, पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं, प्रोफेशनल्स तथा सामाजिक एवं रचनात्मक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करना था। इस मंच के माध्यम से महिलाओं ने अपने कार्य, अनुभव और उपलब्धियों को सभी के सामने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मेरी कहानी 180 सेकंड में’ रहा। इसमें महिलाओं ने मात्र तीन मिनट में अपने कार्य की शुरुआत, संघर्ष, उपलब्धियों और भविष्य के सपनों को साझा किया। इस सत्र ने सभी प्रतिभागियों का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर स्नेही अग्रवाल ने अपने बुटीक व्यवसाय के सफर के बारे में बताया, जबकि श्रद्धा खंडेलवाल ने भगवान जी की पोशाक बनाने के अपने विशेष कार्य और हुनर को साझा किया। निधि अग्रवाल ने कंपनी सेक्रेटरी के रूप में अपने पेशेवर अनुभव प्रस्तुत किए। वहीं आंचल अग्रवाल ने कुकिंग के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के सफर पर प्रकाश डाला। दीक्षा गोयल ने स्पाइस्ड कॉर्पोरेशन के माध्यम से अपने व्यवसाय और अनुभव साझा किए।

इसके अलावा वैष्णवी ने आर्किटेक्ट के रूप में अपने कार्य और रचनात्मक अनुभवों के बारे में बताया। साक्षी गोयल ने एनजीओ के माध्यम से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। शिरीन अग्रवाल ने न्यूमेरोलॉजिस्ट के रूप में अपने पेशेवर सफर और अनुभव साझा किए, जबकि ममता ने एडुय प्रीस्कूल के माध्यम से बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को एक-दूसरे के कार्य को जानने, नए संपर्क बनाने, संवाद बढ़ाने और सहयोग के अवसर भी प्राप्त हुए।

लेडीज विंग की चेयरपर्सन अमिता अग्रवाल ने कहा कि चैंबर का उद्देश्य उद्यमी महिलाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, अनुभव और विचारों को साझा कर सकें तथा अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़कर, सीखते हुए और सहयोग के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी व्यवसाय की पहचान केवल उसके आकार से नहीं, बल्कि उसे आगे बढ़ाने वाली महिला की मेहनत, जुनून, आत्मविश्वास और संकल्प से होती है। चाहे शुरुआत घर से हुई हो, पारिवारिक व्यवसाय से या किसी छोटे से मंच से, हर महिला की अपनी एक प्रेरणादायक कहानी है।

कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button