फेम इंडिया सर्वे में SSP अनुराग आर्य देश के टॉप-100 पुलिस कप्तानों में शामिल
फेम इंडिया राष्ट्रीय सर्वे में SSP अनुराग आर्य का जलवा, देश के टॉप-100 पुलिस कप्तानों में बनाई जगह

बरेली। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में जगह बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश के चयनित 10 पुलिस कप्तानों में भी उनका नाम शामिल है।
सर्वेक्षण में देशभर के जिला पुलिस प्रमुखों का नेतृत्व, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क, महिला एवं बाल सुरक्षा, संकट प्रबंधन, आधुनिक तकनीक व नवाचार, पारदर्शिता और जवाबदेही समेत विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया। आधिकारिक आंकड़ों, प्रशासनिक स्रोतों, मीडिया रिपोर्ट, विशेषज्ञों की राय और जमीनी सर्वेक्षण को भी आधार बनाया गया।
गांव के स्कूल से IPS तक का सफर
बागपत जिले के छपरौली गांव में वर्ष 1987 में जन्मे अनुराग आर्य ने प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से हासिल की। उन्होंने फिजिक्स में बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई की और वर्ष 2013 में पहले ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईपीएस का मुकाम हासिल किया। उनकी रैंक 163 रही।
अनुराग आर्य अमेठी, बलरामपुर, मऊ, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ समेत कई जिलों में सेवाएं दे चुके हैं। पुलिस सेवा के साथ वह खेल और साहसिक गतिविधियों में भी रुचि रखते हैं। वह बास्केटबॉल खिलाड़ी रहे हैं तथा नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तरकाशी से प्रशिक्षित पर्वतारोही और औली से प्रमाणित स्कीयर हैं। उन्होंने हैदराबाद मैराथन और दिल्ली हाफ मैराथन में भी हिस्सा लिया है।
बरेली में अपराध नियंत्रण से बनाई पहचान
बरेली में अनुराग आर्य के कार्यकाल के दौरान कई चर्चित आपराधिक मामलों में पुलिस की कार्रवाई सुर्खियों में रही। शाही-शीशगढ़ क्षेत्र में महिलाओं की हत्याओं के मामले में कथित सीरियल किलर कुलदीप की गिरफ्तारी, अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और बवाल के बाद उपद्रवियों पर शिकंजा कसने जैसी कार्रवाइयों ने पुलिस की सक्रियता को सामने रखा।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, उनकी तैनाती के बाद लूट, गोकशी, महिला अपराध और हत्या समेत गंभीर मामलों में वांछित 213 से अधिक बदमाशों को मुठभेड़ों के दौरान गिरफ्तार किया गया। डकैती के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी फिरोज उर्फ शैतान उर्फ इफ्तेखार समेत कई गंभीर मामलों के आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
यूपी के 10 पुलिस कप्तानों को मिली जगह
राष्ट्रीय सूची में उत्तर प्रदेश से आकाश पटेल (चंदौली), अनुराग आर्य (बरेली), अपर्णा रजत कौशिक (मिर्जापुर), दीक्षा शर्मा (ईस्ट जोन लखनऊ), डॉ. कौस्तुभ (गोरखपुर), इलामारन जी. (एटा), केके बिश्नोई (संभल), प्राची सिंह (अंबेडकरनगर), डॉ. इराज राजा (गाजीपुर) और सर्वानंद टी. (अमेठी) को स्थान मिला है।
मां के लिए गौरव का पल
छपरौली के एक छोटे से गांव से निकलकर देश के चुनिंदा पुलिस कप्तानों में स्थान बनाना अनुराग आर्य के परिवार के लिए भी गर्व का विषय है। उनकी मां डॉ. पूनम आर्य, पत्नी वनिका सिंह और बेटी अनाइका आर्य हैं। वनिका सिंह पीसीएस अधिकारी हैं।
अनुराग आर्य की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान ने बरेली पुलिस का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि को लेकर जिले में भी पुलिसकर्मियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है।
Advertisement…..




