घर-घर पहुंचेगा गंगाजल, श्रावण में शुरू हुआ विशेष अभियान
राज्य महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडे ने वितरित कीं 1000 गंगाजली, 10 हजार परिवारों तक पहुंचाने का लक्ष्य

बरेली, 30 जुलाई। श्रावण मास के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे के नेतृत्व में गुरुवार को ‘घर-घर गंगाजल’ विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत बदायूं रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 1000 गंगाजली का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि पुष्पा पांडे ने कहा कि यह अभियान प्रदेश में अपनी तरह की एक अनूठी पहल है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों तक गंगाजल पहुंचाकर श्रद्धालुओं को श्रावण मास में भगवान शिव का जलाभिषेक करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 10 हजार परिवारों तक गंगाजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक सेवा अभियान से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान आर्यपुत्री इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री सुभाषनी जायसवाल ने कहा कि श्रावण मास में धार्मिक आस्था और जनसेवा से जुड़ा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पुष्पा पांडे के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान हजारों महिलाओं एवं परिवारों को धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने अभियान की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने वाला अभियान बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष पांडे ने किया। इस अवसर पर कंचन सिंह, रिंकी सैनी, मोहित शर्मा, आशुतोष शर्मा, संजय वर्मा, रंजन सिंह, प्रतीक्षा सक्सेना, नंदा राणा, इंदु सिंघानिया, पूनम भल्ला, बंटी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Advertisement…





