State NewsUttar Pradesh

विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर लखनऊ में वॉकाथॉन आयोजित

प्लास्टिक सर्जरी के प्रति लोगों को किया गया जागरूक

लखनऊ, जुलाई 2026। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS), लखनऊ के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा बुधवार सुबह लखनऊ गोल्फ क्लब में जागरूकता वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इस अभियान में 100 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्लास्टिक सर्जरी की व्यापक भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक करना और यह संदेश देना था कि यह केवल सौंदर्य वृद्धि तक सीमित नहीं, बल्कि जन्मजात विकृतियों, दुर्घटनाओं, जलने, कैंसर और अन्य गंभीर स्थितियों में शरीर की कार्यक्षमता एवं स्वरूप को पुनर्स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

वॉकाथॉन की शुरुआत गोल्फ रेंज से हुई, जो ला मार्ट्स टेनिस अकादमी होते हुए लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय कर लखनऊ गोल्फ क्लब में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुब्बारे उड़ाकर और हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव रजनीश सेठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतिभागियों ने हाथों में रंग-बिरंगे पोस्टर और बैनर लेकर प्लास्टिक सर्जरी के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इन पोस्टरों के माध्यम से जन्मजात विकृतियां, जलने के मामले, सड़क दुर्घटनाओं से हुई चोटें, कैंसर के बाद पुनर्निर्माण, हाथ की चोटें, चेहरे की विकृतियां और कॉस्मेटिक सर्जरी जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विभाग के फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, ऑपरेशन थिएटर कर्मी, तकनीशियन, गोल्फ खिलाड़ी, टेनिस खिलाड़ी, मॉर्निंग वॉकर्स और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा का ऐसा क्षेत्र है जो मरीजों के जीवन में नई उम्मीद और सम्मान लौटाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि चाहे जन्म से कटे होंठ-तालू वाला बच्चा हो, कैंसर के बाद पुनर्निर्माण की आवश्यकता वाला मरीज, गंभीर रूप से झुलसा व्यक्ति या एसिड अटैक पीड़ित—प्लास्टिक सर्जन उन्हें सामान्य जीवन जीने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को सही समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का आयोजन प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। वॉकाथॉन के समापन के बाद डॉ. अग्रवाल ने विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर एक जागरूकता व्याख्यान भी दिया। उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी के विभिन्न क्षेत्रों जैसे रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, माइक्रोसर्जरी, हैंड सर्जरी, क्रेनियोफेशियल सर्जरी, बर्न केयर, कॉस्मेटिक सर्जरी तथा कैंसर के बाद पुनर्निर्माण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. राजीव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “प्लास्टिक सर्जरी केवल कॉस्मेटिक सर्जरी नहीं है, बल्कि यह ऐसी चिकित्सा विशेषज्ञता है जो जन्मजात विकृतियों, दुर्घटनाओं, जलने, कैंसर, नसों की चोट और अन्य जटिल बीमारियों से प्रभावित मरीजों के शरीर की कार्यक्षमता, स्वरूप और आत्मविश्वास को पुनः स्थापित करती है। हमारा उद्देश्य इस वॉकाथॉन के माध्यम से अस्पताल की सीमाओं से बाहर निकलकर आम जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि समय पर उपचार से जीवन बदला जा सकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस प्लास्टिक सर्जनों के योगदान को सम्मान देने और मरीजों को बिना किसी झिझक के विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता लेने के लिए प्रेरित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही बेहतर और समय पर उपचार की दिशा में पहला कदम है।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के साथ संवाद सत्र एवं लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित अल्पाहार के साथ हुआ। आयोजन को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button