श्रावण मास से पहले कांवड़ यात्रा मार्ग गड्ढा मुक्त कराने की मांग

नाथ नगरी सेवा समिति ने संयुक्त नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग
बरेली। आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावण मास को देखते हुए श्री नाथ नगरी सेवा समिति ने संयुक्त नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली को ज्ञापन सौंपकर कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्तों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की।
समिति के शोभित अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास के दौरान नाथ नगरी के सातों प्रमुख नाथ मंदिरों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिरों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों को गड्ढा मुक्त कर पैदल आवागमन के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाना आवश्यक है।

समिति ने ज्ञापन में मांग की कि कांवड़ यात्रा एवं नाथ नगरी परिक्रमा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रशासन से अनुरोध किया गया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रवण गुप्ता, सोनू भईया, बंटी ठाकुर, सुधीर श्रोत्रिय, शोभित अग्रवाल, धीरज कुमार, राहुल उप्पल, अंकुश रस्तोगी, शलभ अग्रवाल, निहाल किशोर, सोनू सैनी, मुदित गोयल, विशाल चंद्रा, रामकुमार श्रीवास्तव, नवीन कौशल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Advertisement…..





