खादी संस्थानों को ई-खादी इंडिया पोर्टल से जोड़ने हेतु वर्चुअल जागरूकता सत्र आयोजित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ द्वारा ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी (पीएमसी) के सहयोग से खादी उत्पादों के विपणन एवं बिक्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को ई-खादी इंडिया पोर्टल पर पंजीकरण एवं ऑनलाइन विपणन विषयक एक विशेष वर्चुअल जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इस वर्चुअल सत्र में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें खादी संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी भी शामिल रहे।
सत्र के मुख्य वक्ता खादी इंडिया के श्री सुमित कुमार ने प्रतिभागियों को ई-खादी इंडिया पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य, लाभ एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने खादी संस्थानों के पंजीकरण की चरणबद्ध प्रक्रिया को विस्तार से समझाया तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खादी उत्पादों के विपणन और बिक्री बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि ई-खादी इंडिया पोर्टल के माध्यम से खादी संस्थान अपने उत्पादों को देशभर के ग्राहकों तक आसानी से पहुंचा सकते हैं। इससे उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री में वृद्धि होगी, नए बाजारों तक पहुंच बनेगी तथा खादी संस्थानों को डिजिटल माध्यम से कारोबार विस्तार का अवसर प्राप्त होगा।
सत्र के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें पोर्टल पर पंजीकरण एवं ऑनलाइन विपणन से संबंधित आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक खादी संस्थानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर खादी उत्पादों के विपणन को सशक्त एवं आधुनिक बनाना है।
Advertisements….





