State NewsUttar Pradesh

विश्व रोइंग कप में भारत का ऐतिहासिक स्वर्ण, बरेली के उज्ज्वल कुमार सिंह ने लक्ष्य संग रचा इतिहास

भारतीय रोइंग के इतिहास में पहली बार भारत ने विश्व रोइंग कप में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारतीय रोवर उज्ज्वल कुमार सिंह और उनके साथी लक्ष्य ने विश्व रोइंग कप 2025 की लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में 6 मिनट 26.09 सेकंड का शानदार समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

यह उपलब्धि भारतीय रोइंग के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तकनीकी कौशल और संघर्षपूर्ण प्रदर्शन के दम पर पहली बार भारत को विश्व रोइंग कप में गोल्ड मेडल दिलाया।

उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की आंवला तहसील के ग्राम अटरछेड़ी निवासी उज्ज्वल कुमार सिंह स्वर्गीय वीर बहोरन सिंह के सबसे छोटे पुत्र हैं। उनके बड़े भाई रवि कुमार सिंह, सुरजीत सिंह और रंजीत कुमार सिंह हैं, जिनमें एक भाई भारतीय सेना में कार्यरत हैं। स्वयं उज्ज्वल भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं और सर्विसेज टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

उज्ज्वल की सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता, 42वीं सीनियर राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक हासिल किए तथा वर्ष 2024 में एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने ओलंपिक क्वालिफिकेशन प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी जीता था।

विश्व रोइंग कप में इस ऐतिहासिक स्वर्ण के साथ उज्ज्वल कुमार सिंह ने भारतीय रोइंग को नई पहचान दिलाई है। उनकी सफलता न केवल बरेली और उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है। अब उनका लक्ष्य एशियाई खेल, विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक खेलों में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।

इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार (भारत सरकार) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी मोहित शर्मा ने उज्ज्वल कुमार सिंह और लक्ष्य को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सम्मान और गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल ने अपने साहस, अनुशासन और अथक परिश्रम से यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विश्व मंच पर भी तिरंगा बुलंद किया जा सकता है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य तथा विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और ओलंपिक में भी स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएं दीं।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button