State NewsUttar Pradesh

मुकदमा दर्ज, लेकिन गिरफ्तारी नहीं: मृतक की बेटी ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल

एडीजी से लगाई निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार

जनपद पीलीभीत के थाना जहानाबाद क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या के मामले में मृतक की बेटी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

मृतक महेंद्र पाल की पुत्री प्रभा मौर्य ने अपर पुलिस महानिदेशक (बरेली जोन) को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है।

लापता होने के अगले दिन खेत में मिला शव

जानकारी के अनुसार, महेंद्र पाल मई माह में अचानक लापता हो गए थे। परिजनों की तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर 27 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। अगले दिन 28 मई को उनका शव ग्राम हैदरगंज स्थित एक खेत में मिला। शव के चेहरे और शरीर पर तेजाब डाला गया था, जिससे पहचान मिटाने और साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया था।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने 3 जून को अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद जांच की गति धीमी पड़ गई।

संपत्ति विवाद को बताया हत्या की वजह

प्रभा मौर्य का आरोप है कि उनके पिता के दूसरी महिला तारा देवी से संबंध थे, जो संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। जब महेंद्र पाल ने अपनी जमीन की वसीयत अपने भाई राम मौर्य के नाम करा दी, तो इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

शिकायती पत्र में तारा देवी, उसके भाई जीतू, ममेरे भाई पप्पू तथा अन्य अज्ञात लोगों पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया गया है। साथ ही आरोप है कि मृतक की मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में लावारिस छोड़ दिया गया।

उच्चाधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता ने मांग की है कि उसके बयान को विवेचना का हिस्सा बनाया जाए तथा नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाए। उसका कहना है कि कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्या का खुलासा नहीं कर सकी है।

एसपी ने क्या कहा?

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि घटना के बाद विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। विसरा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस जांच की गति और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


Advertisement….

Related Articles

Back to top button