रैगिंग से परेशान एमडी छात्र ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, तीन डॉक्टरों समेत कई पर मुकदमा

बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में एमडी प्रथम वर्ष के एक छात्र द्वारा तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने के मामले में घटना के करीब एक माह बाद पुलिस ने तीन डॉक्टरों, कुछ छात्रों तथा कॉलेज प्रशासन के खिलाफ रैगिंग समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जनपद के किरतपुर थाना क्षेत्र स्थित बुडगरा गांव निवासी सुधीर पाराशर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनका पुत्र एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में एमडी प्रथम वर्ष का छात्र है। एमडी में प्रवेश लेने के कुछ समय बाद ही द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के कुछ सीनियर छात्र उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि उससे अतिरिक्त ड्यूटी कराई जाती थी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
पीड़ित छात्र ने इस संबंध में विभागाध्यक्ष (एचओडी) से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पिता का आरोप है कि लगातार रैगिंग और अमानवीय व्यवहार से तंग आकर छात्र ने 2 मई को पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद छात्र का मेडिकल परीक्षण नजीबाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इसके पश्चात परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में तीन डॉक्टरों, कुछ छात्रों तथा कॉलेज प्रशासन के खिलाफ रैगिंग समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, छात्र के पिता का कहना है कि उनका बेटा सीढ़ियों के अंदर वाले हिस्से में गिरा था। उनका दावा है कि यदि वह वास्तव में आत्महत्या करने की नीयत से कूदता तो इमारत के बाहर की ओर गिरता। इस बिंदु को लेकर भी जांच की मांग की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement….




