State NewsUttar Pradesh

पीलीभीत पुलिस लाइन में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

पीलीभीत, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन पीलीभीत में “एक पेड़ माँ के नाम” पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का आधार हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस परिवार के बच्चे भी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में लगभग 400 से 500 पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों की सुरक्षा एवं रखरखाव की व्यवस्था भी पुलिस लाइन प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button