जायंट्स स्मार्ट सिटी बरेली चैप्टर – 3 ने सेवा और नेतृत्व के साथ की नई शुरुआत

समाज सेवा एवं जनकल्याण के उददेश्य से गठित जायंट्स स्मार्ट सिटी बरेली का प्रथम अधिष्ठापन समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि ( वर्चुअल मीट द्वारा )
अजय साहनी (आईपीएस), डीआईजी बरेली रहे, जबकि जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन के फेडरेशन-5, यूनिट-18 हेड रजनीश मलिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की प्रथम अध्यक्ष गोपिका शिंघल द्वारा स्वागत उद्बोधन से हुआ। तत्पश्चात रजनीश मलिक ने अधिष्ठापन प्रक्रिया संपन्न कराते हुए संस्था की कार्यकारिणी एवं सदस्यगण को शपथ दिलाई। इस अवसर पर गोपिका शिंघल नै अध्यक्ष, शिवांग गोयल ने सचिव तथा शांतम खंडेलवाल ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।
मुख्य अतिथि अजय साहनी ने
वर्चुअल मीट द्वारा अपने संबोधन में सामाजिक संगठनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सेवा भावना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नवगठित संस्था को शुभकामनाएं देते हुए जनहित के कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में गोपिका शिंघल ने कहा कि संस्था जायंट्स के मूल मूल्यों-उदारता, निष्ठा, सक्रियता, श्रेष्ठता, सत्यनिष्ठा एवं सेवा को आधार बनाकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि जायंट्स स्मार्ट सिटी बरेली शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, सांस्कृतिक समरसता, युवा विकास तथा अन्य सामाजिक क्षेत्रों में सार्थक एवं प्रभावशाली पहल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था सेवा, सहयोग और नेतृत्व के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में निरंतर कार्य करेगी।

समारोह में जायंट्स परिवार के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें जायंट्स ग्रुप ऑफ बरेली के संस्थापक एवं चार्टर्ड अध्यक्ष विकास शिंघल, वर्तमान अध्यक्ष अभय जसोरिया, सचिव आदित्य मूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य विभोर गोयल एवं मनीष खंडेलवाल, तथा जायंट्स बरेली रॉयल की सचिव प्राची अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष प्रतुल अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीया शिंघल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के सम्मान, शुभकामनाओं एवं समाज सेवा के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।




