सीतापुर में सजेगा आमों का महाकुंभ, 14 जून को होगा LFM मैंगो फेस्टिवल

दुर्लभ आमों का स्वाद, अवधी व्यंजन, लाइव म्यूजिक और ग्रामीण संस्कृति का अनूठा संगम।
लखनऊ। आम प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक खास सौगात लेकर आ रहा है 14वां वार्षिक लखनऊ फार्मर्स मार्केट (LFM) मैंगो फेस्टिवल 2026। आगामी 14 जून 2026 (रविवार) को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक सीतापुर स्थित विंटेज विलेज रिजॉर्ट में इस भव्य आयोजन का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष उत्सव का उद्देश्य केवल आमों का स्वाद चखाना ही नहीं, बल्कि अवधी संस्कृति, ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय किसानों को बढ़ावा देना भी है। आयोजन में प्रतिभागियों को प्रसिद्ध दशहरी के अलावा दुर्लभ और पारंपरिक आमों की किस्में जैसे हुस्नारा और शहद कुप्पी सीधे पेड़ों से तोड़कर चखने का अवसर मिलेगा।फेस्टिवल में विशेष अवधी मैंगो बुफे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय ग्रामीण शेफ द्वारा तैयार पारंपरिक एवं आधुनिक आम आधारित व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अतिरिक्त किस्सागोई, लाइव संगीत, काव्य पाठ, आम खाने की प्रतियोगिता, तीरंदाजी, स्विमिंग और स्थानीय हस्तशिल्प स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम से प्राप्त आय का एक हिस्सा स्थानीय छोटे किसानों और ग्रामीण ईको-टूरिज्म को प्रोत्साहित करने में लगाया जाएगा। सीमित पासों की व्यवस्था की गई है ताकि आगंतुकों को आम के बागों के बीच शांत और यादगार अनुभव मिल सके।कार्यक्रम में शाकाहारी एवं मांसाहारी दोनों प्रकार के बुफे उपलब्ध रहेंगे, जबकि 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। ई-टिकट की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे प्रतिभागी कार्यक्रम स्थल पर सीधे स्कैन कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह आयोजन गर्मियों के मौसम में परिवार और मित्रों के साथ प्रकृति, संस्कृति और स्वाद का अनूठा संगम साबित होगा।
Advertisement…





