Social

भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए आगे आई श्री नाथ नगरी सेवा समिति

शहरभर में लगाए जाएंगे जल पात्र, समिति ने संभाली पानी भरने व सफाई की जिम्मेदारी

बरेली। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए श्री नाथ नगरी सेवा समिति द्वारा गौ माता एवं अन्य पशु-पक्षियों के लिए सराहनीय पहल शुरू की गई है। समिति द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर सीमेंट से निर्मित जल पात्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि गर्मी में पशु-पक्षियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

समिति के सदस्य शोभित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह सेवा कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य जल पात्रों की नियमित साफ-सफाई करने के साथ-साथ प्रतिदिन सुबह और शाम उनमें पानी भरने की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

समिति द्वारा साहूकारा, किला हनुमान मंदिर, बिहारीपुर, बजरिया पूरनमल, संजयनगर, झूलेलाल द्वार और जोगी नवादा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल पात्र लगाए जाएंगे।

समिति ने शहरवासियों से भी अपील की है कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों की सेवा हेतु अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर पानी की व्यवस्था अवश्य करें।

इस अवसर पर श्रवण गुप्ता, बंटी ठाकुर, सुधीर शर्मा, योगेंद्र गंगवार, शलभ अग्रवाल एवं सोनू सैनी सहित कई सदस्यों का सहयोग एवं उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button