दुबग्गा में इंसानियत हॉस्पिटल द्वारा विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित

लखनऊ, 12 मई 2026:
दुबग्गा क्षेत्र में आज इंसानियत हॉस्पिटल की ओर से एक विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर मुफ्त इलाज और दवाइयों का लाभ उठाया। कैंप में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जरूरी सलाह भी दी गई।

मेडिकल कैंप के दौरान आंखों की जांच, शुगर टेस्ट, ब्लड प्रेशर जांच सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और परेशान हाल लोगों के लिए यह कैंप बड़ी राहत साबित हुआ।

कैंप आयोजकों ने बताया कि इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी का उद्देश्य गांव-गांव, कस्बे-कस्बे और शहर-शहर पहुंचकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संस्था लगातार मानव सेवा और गरीबों की मदद के मिशन को आगे बढ़ा रही है।

सोसाइटी के अध्यक्ष कुदरत उल्ला खान ने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह हर सप्ताह मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज, जांच और दवाइयों का लाभ मिल सके।





