State NewsUttar Pradesh

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर संस्था द्वारा आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम!

बदायूं : समग्र विकास संस्थान के तत्वावधान में क्राई – चाइल्ड राइट्स एंड यू के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर दिनांक 01 मई 2026 को जनपद बदायूं के विकास खंड उझानी के ग्राम बरीका नगला स्थित पंचायत घर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत अध्यक्ष और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजकुमार शर्मा का बैज पहनाकर स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मे संस्था साथी गौरव कुमार द्वारा मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। उन्होंने बताया कि 19वीं सदी में मजदूरों को 12-12 घंटे काम करना पड़ता था और उन्हें उचित वेतन भी नहीं मिलता था। इसके विरोध में 01 मई 1886 को अमेरिका में मजदूर यूनियन द्वारा 8 घंटे कार्य दिवस की मांग को लेकर आंदोलन किया गया,

जिसके बाद से मजदूरों के अधिकारों को मान्यता मिली और मजदूर दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई। कार्यक्रम के अगले क्रम मे साथी बुशरा ने बाल श्रम के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कार्य कराना पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा 15 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए भी कार्य के घंटे निर्धारित हैं और खतरनाक कार्यों में उनकी भागीदारी वर्जित है। उन्होंने बताया कि बाल श्रम कराने पर 20,000 से 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही बाल श्रमिक विद्या योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी भी दी गई।
संस्था के साथी प्रदीप कुमार ने बाल विवाह की कुरीति पर प्रकाश डालते हुए इसे समाज के लिए अभिशाप बताया। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत सजा के प्रावधानों की जानकारी दी तथा लोगों से अपील की कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर दें।
कार्यक्रम के अगले क्रम में साथी नवनीत कुमार ने जनसंख्या वृद्धि के विषय में जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। वहीं संस्था समन्वयक श्रीमती साक्षी शर्मा ने श्रमिकों एवं उनके बच्चों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे श्रम पंजीकरण, बाल श्रमिक विद्या योजना, कन्या सुमंगला योजना एवं शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने RTE के तहत 25% आरक्षण के माध्यम से निजी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंतिम क्रम मे संस्था अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा हेतु POSH कमेटी के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया तथा इसके कार्यों और उद्देश्यों को समझाया। उन्होंने लोगों को बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन हिरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर अयान, विशाल, उमराय सिंह, सहित गांव के लगभग 77 गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button