परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम बनी उपविजेता

14 अप्रैल 2026:
ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल टेक्निकल ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित ट्रांसपोर्ट प्रीमियर लीग-3 में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।

यह दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता बेंगलुरु में 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देश के 12 राज्यों—केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उड़ीसा, बिहार, गुजरात, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश—की टीमों ने हिस्सा लिया।
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया और लगातार लीग मैच, क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल जीतते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम को कड़ी टक्कर देते हुए उत्तर प्रदेश की टीम उपविजेता रही।

टीम का नेतृत्व उप परिवहन आयुक्त रामवृक्ष सोनकर ने कप्तान के रूप में किया, जबकि संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) लखनऊ संजय तिवारी उप कप्तान रहे। टीम मैनेजर के रूप में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बदायूं हरिओम तथा उप मैनेजर के रूप में बिजनौर के शिव शंकर सिंह ने जिम्मेदारी निभाई।
इसके अलावा टीम में रविकांत यादव, रामबाबू, विकास कुमार, पवन सोनकर, कृष्ण कुमार, कौशल कुमार, अशोक कुमार, चरण सिंह, प्रमोद गौतम, देवेंद्र शुक्ला, अनुभव, शुभम मिश्रा और बृजेश सहित अन्य खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को कर्नाटक के माननीय परिवहन मंत्री, परिवहन आयुक्त कर्नाटक, उप परिवहन आयुक्त महाराष्ट्र एवं अन्य अधिकारियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश टीम को परिवहन विभाग संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) सेवा संघ की ओर से 70 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के लिए गर्व का विषय है और टीम के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रमाण है।




