महिला शिक्षक संघ की कमान फिर डॉ. अनीता तिवारी को

लगातार चौथी बार जिलाध्यक्ष बनीं, महिला शिक्षकों में उत्साह
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ को मजबूत करने के उद्देश्य से एक बार फिर डॉ. अनीता तिवारी को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह उनका लगातार चौथा कार्यकाल है, जिससे महिला शिक्षकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
डॉ. अनीता तिवारी इससे पहले भी तीन बार जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के पद पर रहते हुए महिला शिक्षकों का सफल नेतृत्व कर चुकी हैं। उन्होंने हर बार शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुलोचना मौर्य और जनपद की सभी महिला शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे भी पूरी निष्ठा के साथ महिला शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करती रहेंगी।

महामंत्री डॉ. आराधना कश्यप ने बताया कि जल्द ही संगठन की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी कार्ययोजना तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन “मिशन शक्ति” के तहत बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर विशेष कार्यक्रम चलाएगा।
संगठन के अन्य पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष विभा मिश्रा, उपाध्यक्ष माहेनूर, सुनीता कार्की, सरोज जायसवाल, रश्मि तिवारी, मंत्री डॉ. जयकिरण, वरिष्ठ संगठन मंत्री प्राज्ञी अग्रवाल, संगठन मंत्री भारती संतवानी, रेनू गुप्ता, ताहिरा फरहत, वंदना द्विवेदी, संयुक्त मंत्री अंशु, अर्शी नाज, सुरभि भारद्वाज, सह संगठन मंत्री नीलिमा शुक्ला, मीनाक्षी चौधरी, कोषाध्यक्ष कल्पना मिश्रा, मीडिया प्रभारी डॉ. श्रुतिकीर्ति यादव और निशात कौसर सहित कई अन्य सदस्य शामिल हैं।




