12 अप्रैल के सामूहिक विवाह को सफल बनाने के लिए समाज एकजुट

बरेली, 30 मार्च । बरेली में 12 अप्रैल को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को सफल बनाने के लिए सोमवार को ब्रह्मपुरा स्थित कुर्मी क्षत्रिय छात्रावास में समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें आयोजन की तैयारियों, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी सम्मानपूर्वक अपने बच्चों का विवाह कराने में मदद मिलती है। पदाधिकारियों ने कहा कि सामूहिक विवाह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम भी है।

कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने पर सहमति बनी। बैठक में बारात स्वागत, भोजन व्यवस्था, पंडाल, रजिस्ट्रेशन, अतिथि सत्कार और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक सहयोग करने और जरूरतमंद परिवारों तक इस आयोजन की जानकारी पहुंचाने की अपील की। साथ ही भरोसा जताया कि सभी के सहयोग से 12 अप्रैल का सामूहिक विवाह समारोह सफल और यादगार बनेगा।
बैठक में अध्यक्ष के.पी. सेन गंगवार, उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार, रामऔतार गंगवार, मूलचंद गंगवार, मीडिया प्रभारी देश दीपक गंगवार, सदस्य युधिष्ठर प्रसाद गंगवार, खेमेन्द्र पाल सिंह, भद्र पाल गंगवार, तेज पाल गंगवार समेत समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और आयोजक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।



