भव्य प्रतिमाओं का अनावरण व दिव्य दृष्टि सेवा का लोकार्पण


लखनऊ। कपीश्वर वैदिक गुरुकुल में स्थित कपीश्वर देवालय का स्थापना उत्सव सोमवार को भव्य एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आदिगुरु शंकराचार्य एवं भगवान महादेव की भव्य प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री माननीय बृजेश पाठक, समाज कल्याण मंत्री माननीय असीम अरुण, हरदोई विधायक माननीय मानवेंद्र सिंह, सरोजिनी नगर विधायक माननीय राजेश्वर सिंह, विधान परिषद सदस्य अवनीश अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं संत-महात्मा उपस्थित रहे।
उत्सव में महंतगण श्री कौशिक चैतन्य जी, उदासीन अखाड़े के महाराज धर्मेन्द्र दास जी महाराज तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच प्रतिमाओं का अनावरण सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर गुरुकुल के व्यवस्थापक गुरुजी डॉ. विवेक तांगड़ी एवं डॉ. पंकज सिंह भदौरिया ने गुरुकुल में संचालित समावेशित शिक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कपीश्वर वैदिक गुरुकुल में बटुकों को कर्मकांड, पुरोहिती एवं वेदों की शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक विषयों, स्मार्ट क्लासेस एवं अत्याधुनिक शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास की दिशा में तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में ‘दिव्य दृष्टि सेवा’ का भी लोकार्पण किया गया। यह सेवा भारत की पहली ऐसी पहल है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर, शारीरिक रूप से असमर्थ एवं वृद्धावस्था के कारण मंदिरों में दर्शन करने में असमर्थ श्रद्धालु अब घर बैठे ही दिव्य दर्शन कर सकेंगे।
लेटे हुए हनुमान जी मंदिर बोर्ड के सदस्य ऋद्धि किशोर गौड़ (कोषाध्यक्ष), अलकेश सोती, प्रामित कुमार सिंह, आशीष अग्रवाल, अखिलेश कुमार, सुरेंद्र सूदन, जगदीश श्रीवास्तव, प्रहलाद अग्रवाल, अजय मल्होत्रा, लवलीन खोसला, राजेश आनंद, मनीष शर्मा एवं रजत सक्सेना सहित अनेक गणमान्यजन इस अवसर पर उपस्थित रहे।





