Entertainment

आरएसएस की शताब्दी पर फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का टीज़र लॉन्च

संघ की सौ वर्षों की यात्रा, विचार और योगदान को दर्शाती है फिल्म

मुंबई, जनवरी 2026।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर निर्मित फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का टीज़र हाल ही में लॉन्च किया गया। यह फिल्म संघ की सौ वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा, उसके विचार, संगठनात्मक विकास और सामाजिक योगदान को केंद्र में रखकर बनाई गई है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में आरएसएस ने अपने 100 वर्ष पूरे किए। इसी ऐतिहासिक पड़ाव को आधार बनाकर फिल्म ‘शतक’ का निर्माण किया गया है। यह फिल्म उस लंबे सफर की कहानी प्रस्तुत करती है, जिसने देश के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को गहराई से प्रभावित किया है।

हाल ही में आरएसएस के दिल्ली स्थित कार्यालय केशव कुंज में फिल्म के गीत ‘भगवा है अपनी पहचान’ का लोकार्पण संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत द्वारा किया गया। इस गीत को प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह ने अपनी आवाज़ दी है। देशभक्ति से ओत-प्रोत यह गीत फिल्म की भावना और मूल विचार को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है।

टीज़र से संकेत मिलता है कि फिल्म संघ से जुड़े वर्षों पुराने भ्रम और गलतफहमियों पर भी प्रकाश डालती है। फिल्म का उद्देश्य केवल चर्चाओं या विवादों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि इतिहास, विचारधारा और संगठन के विकास को सही संदर्भ के साथ सामने रखना है। इसमें स्वतंत्रता संग्राम में आरएसएस के योगदान, विभिन्न समयों में लगे प्रतिबंध और आपातकाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों की झलक भी दिखाई गई है।

फिल्म के निर्देशक आशीष मॉल ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए एक व्यक्तिगत यात्रा की तरह है। शोध के दौरान संघ से जुड़े कई ऐसे पहलू सामने आए, जिन पर सामान्यतः चर्चा नहीं होती। उन्होंने बताया कि फिल्म के माध्यम से समाज में फैली गलतफहमियों को ईमानदारी से प्रस्तुत करना ही प्राथमिक उद्देश्य रहा है।

वहीं फिल्म के निर्माता वीर कपूर ने बताया कि यह फिल्म पुस्तकों, दस्तावेजों और उपलब्ध साहित्य के आधार पर तैयार की गई है। उनका कहना है कि 1875 से 1950 के बीच प्रारंभ हुए अनेक आंदोलनों में संघ ही ऐसा संगठन रहा, जो बिना टूटे निरंतर आगे बढ़ता रहा। यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है। फिल्म की टैगलाइन ‘ना रुके, ना थके, ना झुके’ इसी भाव को दर्शाती है।

फिल्म के सह-निर्माता आशीष तिवारी हैं और इसे एडीए 360 डिग्री एलएलपी द्वारा प्रस्तुत किया गया है। अनिल डी. अग्रवाल की परिकल्पना पर आधारित और आशीष मॉल द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।

(टीज़र लिंक: यूट्यूब पर उपलब्ध)

Related Articles

Back to top button