जीएमबीसीए ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए 13 हजार खिलाड़ियों के चयन हेतु यूपी में मेगा ट्रायल्स की घोषणा


लखनऊ | 17 दिसंबर 2025।
जीएम बॉक्स क्रिकेट एसोसिएशन (जीएमबीसीए) ने उत्तर प्रदेश में मेगा टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट ट्रायल्स की शुरुआत की घोषणा की है। यह घोषणा प्रेस क्लब, उत्तर प्रदेश में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई। इन ट्रायल्स के माध्यम से सीजन-1 के लिए 13,000 प्रतिभाशाली लड़के और लड़कियों का चयन किया जाएगा।
युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की पहल
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जीएमबीसीए के संस्थापक बाबा इंदर प्रीत सिंह ने कहा कि यह पहल एक मान्यता प्राप्त और संगठित जनस्तरीय टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट मंच है, जिसका उद्देश्य समाज और युवाओं पर सकारात्मक प्रभाव डालना है।
उन्होंने बताया कि यह मंच युवाओं को नशाखोरी, बेरोजगारी और विदेश जाने की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखते हुए उन्हें पेशेवर खेल करियर का अवसर प्रदान करेगा।
15 से 45 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
बाबा इंदर प्रीत सिंह ने जानकारी दी कि ये ट्रायल्स 15 से 45 वर्ष की आयु के लड़के और लड़कियों के लिए खुले हैं। ट्रायल्स का आयोजन जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा।
इसके लिए पंजीकरण शुल्क मात्र 900 रुपये रखा गया है।
आय और करियर के बड़े अवसर
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट के माध्यम से प्रति माह 40,000 से 60,000 रुपये तक की आय का अवसर मिल सकता है। इसके साथ ही मैच फीस, लीग भागीदारी और एंडोर्समेंट के जरिए खिलाड़ियों की वार्षिक आय 40 से 60 लाख रुपये तक भी पहुंच सकती है।
75 जिलों में जिला समन्वयकों की नियुक्ति
जीएमबीसीए ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिला समन्वयक के रूप में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजकों, क्रिकेट अकादमियों और कोचों को जुड़ने के लिए आमंत्रित किया है।
अन्य राज्यों में भी होंगे ट्रायल्स
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑर्डिनेटर राकेश रस्तोगी और दिल्ली स्टेट कोऑर्डिनेटर सुखविंदर सिंह सोखी ने बताया कि उनके राज्यों में युवाओं की जबरदस्त भागीदारी और उत्साह देखने को मिला है।
इस अवसर पर समन्वय समिति के सदस्य मुकेश चौहान, गुरप्रीत कौर, नेहा और राहुल भी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि यह ट्रायल्स दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र में भी आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल्स का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही www.gmbca.org पर जारी किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों के लिए दो पेशेवर प्लेटफॉर्म
जीएमबीसीए ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को दो बड़े प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे—
गली मोहल्ला क्रिकेट लीग (GMCL) – सीजन 1 (2025–26), जिसमें चयनित बल्लेबाज, गेंदबाज, विकेटकीपर और ऑल-राउंडर खिलाड़ी भाग लेंगे। राज्य स्तर पर गठित टीमें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लीग में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
इस लीग में राष्ट्रीय विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
जीएमबीसीए ट्रायल्स के बाद श्रेणी-वार प्लेयर्स पूल तैयार करेगा और पेशेवर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगा। चयनित खिलाड़ियों की प्रोफाइल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजकों, फ्रेंचाइज़ी मालिकों और क्रिकेट बोर्ड्स के साथ साझा की जाएंगी।इस पहल के माध्यम से खिलाड़ी देश-विदेश में प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मैच फीस, एंडोर्समेंट और पेशेवर अनुबंधों के जरिए आय अर्जित कर सकेंगे और टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट में एक स्थायी करियर बना सकेंगे।





