Government

“अंबेडकर की मूर्ति क्षति पर सख्त कार्रवाई: सीएम”

चंडीगढ़, 27 जनवरी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को कहा कि अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले को कठोर सजा दी जाएगी।

इसे बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसने भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहब अंबेडकर का सम्मान करने वाले हर व्यक्ति की मानसिकता को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की घिनौनी हरकतें करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ उदाहरणीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी राज्य की अमन-शांति को भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और पंजाब विरोधी ताकतों के सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के मंसूबों को नाकाम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब में अशांति पैदा करने की कोशिश करने वाले समाज विरोधी और देश विरोधी तत्वों के नापाक मंसूबों को नाकाम करने के लिए पूरी तरह चौकस और वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ऐसी हरकतों के जरिए राज्य की अमन-कानून की स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लोगों के पूर्ण सहयोग की मांग करते हुए भगवंत सिंह मान ने पंजाब को सबसे शांतिपूर्ण और भाईचारे वाला राज्य बनाने के लिए सांप्रदायिक सद्भावना, शांति और भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करने के लिए लोगों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button