Social

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु..

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के रूप में राष्ट्र के नाम यह उनका पहला संबोधन होगा। राष्ट्रपति भवन के बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण आकाशवाणी के सभी राष्ट्रीय नेटवर्क के साथ ही दूरदर्शन के सभी चैनलों पर शाम सात बजे से किया जाएगा। इसे पहले हिंदी में और इसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। कहा गया है कि दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में इसके प्रसारण के बाद क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में इसे प्रसारित किया जाएगा।

 

क्षेत्रीय भाषा में भी आएगा संबोधन

आकाशवाणी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9.30 बजे क्षेत्रीय भाषा में इसे प्रसारित करेगा। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मु (64) ने 25 जुलाई को देश के15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। वह शीर्ष संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली पहली आदिवासी हैं। साथ ही वह ऐसी पहली राष्ट्रपति हैं, जिनका जन्म देश की आजादी के बाद हुआ है।

पीएम मोदी 15 अगस्त को करेंगे संबोधित

राष्ट्रपति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। भारत की आजादी के 75 वें वर्ष को चिह्नित करने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में लोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साह से भाग ले रहे हैं। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने पिछले महीने “हर घर तिरंगा” अभियान शुरू किया था। इस पहल के पीछे का विचार लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और ‘जन भागीदारी’ की भावना से आजादी का अमृत महोत्सव मनाना है। प्रधान मंत्री ने शनिवार को देश के नागरिकों से आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को चिह्नित करने के लिए हर घर तिरंगा वेबसाइट पर तिरंगे के साथ एक तस्वीर साझा करने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button
Event Services