Uttarakhand

यूक्रेन में पढ़ रहे उत्तराखंड के छात्रों को लेकर अभिभावक चिंतित

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हो गया है। वहां रह रहे भारतीयों को वापस स्‍वदेश लाने की कोशिशें चल रहीं हैं। इस बीच उत्‍तराखंड के छात्र भी फंसे हुए हैं। यूक्रेन के हालात को देखते हुए वहां पढ़ रहे उत्तराखंड के छात्रों को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। वह विभिन्न माध्यमों से संपर्क कर अपने बच्‍चों की जानकारी ले रहे हैं। दैनिक जागरण ने ऐसे ही कुछ अभिभावक से बात की।

करीब 300 उत्‍तराखंडी यूक्रेन में फंसे

देहरादून के कोरोनेशन अस्‍पताल में कार्यरत डाक्‍टर डीपी जोशी के बेटे अक्षत जोशी भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं। बालरोग विशेषज्ञ डीपी जोशी अपने बेटे को लेकर चिंति‍त हैं। उन्‍होंने बताया कि गुरुवार की सुबह सात बजे उनकी बेटे अक्षत जोशी से बात हुई थी। लेकिन अब अक्षत से बात नहीं हो पा रही है। जिसके बाद से वह लगातार अपने बेटे से बात करने की कोशिश कर रहे हैं।

खारक्‍यू में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं अक्षत

अक्षत यूक्रेन के खारक्‍यू में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। वह एमबीबीएस थर्ड ईयर के छात्र हैं। डाक्‍टर डी पी जोशी ने बताया कि यूक्रेन में रहने वाले भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए तीन फ्लाइट भेजी गईं थीं, लेकिन बहुत भीड़ थी और टिकट भी बहुत महंगा था। उन्‍होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि यूक्रेन में फंसे उत्‍तराखंड के लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए समय रहते प्रयास करने चाहिए। उनका कहना है कि यूक्रेन में अभी करीब 300 उत्‍तराखंडी फंसे हुए हैं। सरकार को उन्‍हें निकालने के प्रयास तेज करने चाहिए।

फ्लाइट का किराया बहुत ज्यादा होने से परेशानी

केंद्रीय विद्यालय हाथीबड़कला (देहरादून) में शिक्षिका रश्मि बिष्ट का बेटा सूर्यांश भी यूक्रेन के लिवीव मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। हालिया स्थिति में रश्मि को बेटे की चिंता सता रही है। फ्लाइट का किराया बहुत ज्यादा होने से बच्चों और उनके स्वजन के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। रश्मि बिष्ट का कहना है कि बच्चों को भारत लाने के लिए जो किराया लिया जा रहा है, वह बहुत अधिक है। कमोबेश यही बात शिक्षिका अंजू सिंह ने भी दोहरायी है। अंजू की बेटी श्रेया भी यूक्रेन के खारकीव में एमबीबीएस थर्ड ईयर की छात्रा है।

उत्तरकाशी के चार छात्र भी यूक्रेन में

उत्तरकाशी जिले के चार छात्र भी यूक्रेन में हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि चारों छात्रों के माता-पिता से उनकी बात हो चुकी है। चारों छात्र भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। उनके माता-पिता से नियमित संपर्क किया जा रहा है।

यूक्रेन में फंसा रुड़की का एक छात्र

रुड़की का न्यू भारत नगर कॉलोनी ढंडेरा निवासी छात्र विवेक कुमार राठौर यूक्रेन में फंसा हुआ है। वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। विवेक नौ माह पहले वहां गया था। छात्र के पिता भारतीय सेना में सूबेदार भजन सिंह बीकानेर में पोस्टेड हैं। घर में उनकी माताजी और दो बहने हैं। सभी विवेक को लेकर वह चिंतित हैं।

Related Articles

Back to top button
Event Services