National

पटना का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री हुआ दर्ज, दिन में कुछ देर के लिए निकली धूप

बर्फीली पछुआ हवा की तेजी से बिहार  के सभी भागों में ठंड और बढ़ी है।  न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आने से सूबे के 9 शहरों में भीषण शीत दिवस के हालात देखे गए। पटना, गया व मुजफ्फरपुर समेत 8 शहरों में शनिवार को शिमला से भी अधिक ठंड रही। गया में शनिवार को सबसे सर्द सुबह रही। शिमला शहर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा जबकि गया का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने शनिवार को पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, दरभंगा, सुपौल, फारबिसगंज (अररिया), सबौर (भागलपुर), मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में भीषण शीत दिवस जबकि छपरा (सारण) में शीत दिवस घोषित किया। इन शहरों में अगले दो दिनों में इसी तरह के हालात बने रह सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी सूबे में करीब एक हफ्ते तक ठंड से विशेष राहत मिलने के आसार नहीं है। पटना का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज हुआ। दिन में कुछ देर के लिए धूप निकली लेकिन पछुआ के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। अररिया, सासाराम, शेखपुरा, बांका और नवादा में भी शिमला से ज्यादा ठंड रही। 

अभी राज्यभर में ठंड से राहत के आसार नहीं 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी सूबे में ठंड से विशेष राहत मिलने के आसार नहीं है। पर्वतीय प्रदेशों में होने वाली बर्फबारी की वजह से शुष्क उत्तरी हवाएं पछुआ हवा का साथ पाकर कनकनी बढ़ा रही है। राज्य में कुछ जगहों पर आंशिक बादलों की स्थिति बने होने से धूप भी नहीं हो रही। इससे दिन और रात दोनों का तापमान प्रभावित हो रहा है। अगले एक-दो दिनों में सर्द रात और सर्द दिन की स्थिति में और बढ़ोतरी हो सकती है। सूबे के कई शहरों में धूप होने के बावजूद अगले एक हफ्ते तक कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि कुछ शहरों में दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी के आसार हैं। फिलहाल ठंड से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

राज्य के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे

तापमान में आई गिरावट की वजह से राज्य के सभी शहरों का न्यूनतम पारा दस डिग्री से नीचे आ गया है। इनमें गया, रोहतास, सीवान, पूर्वी चंपारण, नवादा, शेखपुरा, बांका, समस्तीपुर, फारबिसगंज में न्यूनतम तापमान सात डिग्री या उससे भी नीचे पहुंच गया। कई जगहों पर धूप निकली लेकिन कनकनी बढ़ने से लोग बेहाल रहे।

जिल अधिकतम न्यूनतम

पटना 14.4 07.2

गया 18.8 04.6

भागलपुर 16.0 07.5

पूर्णिया 15.5 08.9

वाल्मीकि नगर 12.3 09.0

मुजफ्फरपुर 11.4 08.9

सारण (छपरा) 7.7 07.4

दरभंगा 12.4 —-

सुपौल 15.8 09.0

अररिया (फारबिसगंज) 17.2 06.0

भागलपुर (सबौर) 15.2 07.5

रोहतास (डेहरी) 18.2 06.0

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) 11.0 06.6

शेखपुरा 17.5 06.7

जमुई 15.4 10.8

सीतामढ़ी (पुपरी) 11.6 07.7

औरंगाबाद 18.0 07.7

बेगूसराय 15.7 07.3

खगड़िया 17.2 08.6

बांका 17.4 05.9

कटिहार 15.3 09.6

Related Articles

Back to top button
Event Services