Uttarakhand

नए मुख्‍यमंत्री की रेस में शामिल धनसिंह रावत ने धामी को लेकर दिया ये बयान …

उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर हर पांच साल में सत्ताधारी दल बदलने का मिथक तोड़ने में सफल रही भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता है। 10 मार्च को चुनाव परिणाम आने के बाद से देहरादून में बलवीर रोड स्थित पार्टी का प्रदेश कार्यालय भी इससे रूबरू हो रहा है।

ऋतु खंडूड़ी का गर्मजोशी के साथ स्वागत

निर्वाचित विधायकों के वहां पहुंचने पर उनका स्वागत और समर्थन में नारेबाजी के चलते यहां दिनभर गहमागहमी बनी है। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं कोटद्वार से निर्वाचित विधायक ऋतु खंडूड़ी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

निवर्तमान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत व अरविंद पांडेय, निर्वाचित विधायक राम सिंह कैड़ा, प्रीतम पंवार, सुरेश चौहान, सविता कपूर ने भी पार्टी कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

मैं मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं : धन सिंह

वहीं निवर्तमान कैबिनेट मंत्री का नाम भी नए मुख्‍यमंत्री रेस में शामिल है। जिस पर उन्‍होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। भाजपा के 47 विधायक चुनकर आए हैं। जो भी नेता चुना जाएगा, सभी उसके साथ होंगे।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में जब त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री बने तो सभी उनके साथ थे। फिर तीरथ सिंह रावत व पुष्कर सिंह धामी के साथ थे। उन्‍होंने कहा पुष्‍कर सिंह धामी ने अपने मुख्‍यमंत्री कार्यकाल के दौरान बेहतर कार्य किया है। अब जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, सब उनके साथ चलेंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता की नजर भी अच्छी थी और कार्यकर्ताओं की भी। जिनकी नजर अच्छी थी, उनके लिए अच्छा कार्य हुआ और जिनकी नजर खराब थी, उनके लिए गड़बड़। अच्छी बात ये है कि भाजपा प्रचंड बहुमत से जीती है। जनता ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ध्यान रखा है।

एक प्रश्न पर डा रावत ने कहा कि उन्होंने पूर्व में ही भविष्यवाणी की थी कि स्पष्ट बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल चुनाव हारेंगे। ये सही साबित हुई।

भाजपा की जीत मातृशक्ति की जीत : खंडूड़ी

कोटद्वार से निर्वाचित विधायक ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ने मिथक तोड़ा है। इस मिथक को तोडऩे में महिलाओं की बड़ी हिस्सेदारी रही है। लोकतंत्र के पर्व में महिलाओं ने जिस तरह से हिस्सेदारी की, उसके लिए आभार। भाजपा की जीत महिलाओं की जीत है।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन ठाकुर व अनुराधा वालिया, प्रदेश महामंत्री अनु कक्कड़, कोषाध्यक्ष नंदिनी शर्मा, मंत्री वंदना बिष्ट, मीडिया प्रभारी ऋतु मित्रा, महानगर अध्यक्ष कमली भट्ट समेत बड़ी संख्या में कार्यकत्र्ता उपस्थित थीं।

धामी और त्रिवेंद्र से भी की भेंट

खंडूड़ी ने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और फिर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर उनसे भी शिष्टाचार भेंट की।

धामी ने संगठन को जिताने का काम किया

निवर्तमान कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की तरह भाजपा कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं है। भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन को जिताने का काम किया। मुख्यमंत्री भाजपा का कार्यकर्ताही बनेगा।

केंद्रीय नेतृत्व का जो निर्देश होगा, वही मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने चुनाव में जीत के लिए जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे।

Related Articles

Back to top button
Event Services