Uttar Pradesh

ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को किया अस्‍त-व्‍यस्‍त, सड़क, रेल और हवाई यातायात हुए प्रभावित

यूपी में ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को अस्‍त-व्‍यस्‍त कर रखा है। घने कोहरे के चलते रविवार की देर रात कन्‍नौज में एक निजी स्‍लीपर बस आगरा-लखनऊ एक्‍सप्रेसवे से नीचे चली गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। घने कोहरे की वजह से यूपी में सड़क, रेल और हवाई यातायात तक प्रभावित हुआ है। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी इतनी कम है कि उत्‍तर रेलवे क्षेत्र में कम से कम 29 ट्रेनें लेट चल रही हैं। मौसम के असर के चलते ही कल वाराणसी से सीएम योगी आदित्‍यनाथ का विमान नहीं उड़ सका। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, आगरा से लेकर गोरखपुर तक सर्दी सितम ढा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन कोई खास राहत भी नहीं मिलने वाली है। 

बर्फीली पछुआ हवाओं ने लोगों को कुड़कुड़ा दिया। पूर्वांचल में वाराणसी सबसे सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री पहुंच गया । वहीं गोरखपुर में रविवार को तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस कम है। बीते 24 घंटे में रात के तापमान में गिरावट हुई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वर्ष 2013 के बाद दशक का दूसरा सबसे सर्द दिन रविवार रहा।

गोरखपुर-बस्ती मंडल के अन्य जिलों सिद्धार्थनगर, देवरिया, संतकबीरनगर, महराजगंज, बस्ती और कुशीनगर में सर्दी का सितम बरकरार है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। मौसम विभाग ने यूपी को ऑरेंज जोन में रखा है।

कानपुर में 29 लोगों की मौत कानपुर व इसके आसपास के जिलों में सर्दी के कारण 29 और लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण यूपी में फिलहाल अगले दो-तीन दिन सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इस अवधि में प्रदेश के कुछ हिस्सों खासतौर पर पश्चिमी यूपी में पाला पड़ने की आशंका है। बीते 24 घंटों के दरम्यान अयोध्या सबसे ठण्डा स्थान रहा, जहां शनिवार की रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया।

आज घना कोहरा छाया रहेगा मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत घना और कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही सोमवार को भी कोल्ड डे का सिलसिला बना रहेगा। शनिवार की रात प्रयागराज व कानपुर मण्डलों में पारा सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज किया गया। वाराणसी, अयोध्या, झांसी व आगरा मण्डलों में रात का तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री तक कम रिकार्ड किया गया। प्रयागराज में यह सामान्य से 8 डिग्री कम यानि 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फुर्सतगंज में यह सामान्य से सात डिग्री कम यानि 4 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर में शनिवार को पारा 3.2 डिग्री दर्ज किया गया।

पूर्वी यूपी में मौसम लगातार सर्द बना हुआ है। बीते 48 घंटे से दिन का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पूर्व शनिवार को बीते एक दशक का सबसे ठंडा दिन था। शनिवार को दिन में लुढ़के तापमान ने बीते एक दशक का रिकार्ड तोड़ दिया। वर्ष 2013 के बाद से सबसे सर्द दिन शनिवार रहा। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार की तरह रविवार को भी घने कोहरे के बादल छाए रहे। सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। दिन में हाड़कंपाती ठंड रही। रविवार को सुबह बारिश की रिमझिम बूंदों की तरह कोहरा गिरता रहा। रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे है। जनवरी में सामान्य अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहता है।

अगले तीन दिन रहेगा ऐसा मौसम मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर पूर्वी यूपी में मौसम पर दिख रहा है। अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। हिमालय के तराई क्षेत्र में कोहरा और घना होगा। दिन व रात के तापमान में गिरावट हो सकती है।

लगातार दूसरा रहा सीवियर कोल्ड डे
शनिवार की तरह रविवार को सीजन का दूसरा सीवियर कोल्ड डे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हुई है। रात के तापमान में लगतार चौथे दिन गिरावट हुई। इस महीने पहली बार शुक्रवार को रात का तापमान सामान्य से नीचे गया था। शुक्रवार को रात का तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को यह 7.3 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को इसमे और गिरावट हुई। रविवार को रात का तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस कम है।

Related Articles

Back to top button
Event Services