State NewsUttar Pradesh

त्योहारों और सर्दियों में गोवंश संरक्षण के लिए योगी सरकार की विशेष कार्ययोजना, सड़कों पर चलेगा अभियान

लखनऊ, 13 नवंबर। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और सर्दियों में निराश्रित गोवंश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार ने प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत गो-आश्रय स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने के साथ सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य गोवंश की सुरक्षा, देखभाल और संरक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

राजमार्गों, बाजारों और मंडियों में होगी विशेष पेट्रोलिंग

त्योहारों के दौरान बाजारों, हाटों, मंडियों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्गों सहित प्रमुख बाजारों और मंडियों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर पेट्रोलिंग की जाएगी। सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को चिह्नित कर सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और गोवंश की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

नगर निकायों को सतर्कता बरतने के निर्देश

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्तों और नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश की स्थिति पर नजर रखने, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाने तथा जरूरत के अनुसार पेट्रोलिंग कराने को कहा गया है।

7,700 से अधिक गो-आश्रय स्थलों में 16 लाख गोवंश संरक्षित

योगी सरकार की ओर से प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए व्यापक व्यवस्था विकसित की गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 7,700 से अधिक गो-आश्रय स्थलों के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया गया है। सरकार का प्रयास केवल आश्रय उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गोवंश की समुचित देखभाल, नस्ल सुधार और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से डेयरी उद्यमों को प्रोत्साहन

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में नए उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय की स्थापना और विस्तार में सहायता मिल रही है। सरकार गोवंश संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालकों की आय में वृद्धि से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।

नस्ल सुधार और गो आधारित उत्पादों पर भी जोर

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण की व्यवस्था को व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। इसके तहत गो-आश्रय स्थलों, पशु चिकित्सा सेवाओं, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन, डेयरी निवेश और गो आधारित उत्पादों को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

सरकार की मंशा गोवंश संरक्षण को व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था के रूप में विकसित करने की है। इसी क्रम में त्योहारों और शीत ऋतु के दौरान गोवंश की सुरक्षा, देखभाल और सड़कों पर उनकी मौजूदगी रोकने के लिए विशेष निगरानी एवं अभियान चलाए जाएंगे।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button