‘नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जाने की तैयारी में अखिलेश, पूर्वांचल में शुरू हुई बगावत’, ओपी राजभर का सपा पर तीखा हमला

‘पूर्वांचल में सपा का 18 प्रतिशत यादव वोट दरका’, राजभर ने सैफई परिवार में महाभारत का किया दावा
अखिलेश को चाचा शिवपाल के सामने सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करने की दी सलाह, हर सीट पर बागी उम्मीदवार उतारने की चेतावनी
लखनऊ, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए राजभर ने दावा किया कि पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी के भीतर बगावत की स्थिति बन रही है और पार्टी का यादव वोट बैंक भी कमजोर हो रहा है।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ‘नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जाने की तैयारी’ कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर पूर्वांचल में पार्टी के अंदर बगावत का बिगुल बज चुका है। उन्होंने पूर्वांचल में सपा के 18 प्रतिशत यादव वोट खिसकने का दावा भी किया। हालांकि, इस दावे के समर्थन में उन्होंने कोई स्वतंत्र चुनावी आंकड़ा प्रस्तुत नहीं किया।
‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ के बीच छिड़ी जंग
ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के एक नेता की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पूर्वांचल में पार्टी का यादव वोट बैंक दरक रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने ही नेता की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट पर ध्यान देना चाहिए। राजभर ने सैफई परिवार में एक बार फिर अंदरूनी खींचतान होने का आरोप लगाते हुए इसे ‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ के बीच की लड़ाई करार दिया।
उन्होंने दावा किया कि सपा के भीतर शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के समर्थकों के बीच राजनीतिक मतभेद बढ़ रहे हैं। राजभर के इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में सपा के अंदरूनी समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
‘चाचा के दुलारे फूंक रहे अखिलेश के पुतले’
राजभर ने आरोप लगाया कि शिवपाल यादव के समर्थक अखिलेश यादव के पुतले जला रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाहुबलियों और धनबलियों से राजनीतिक बातचीत के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से सीधे शिवपाल यादव से संपर्क कराया जा रहा है।
राजभर के मुताबिक, कुछ लोग यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि ‘भइया से अच्छे चाचा जी हैं।’ उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजधानी में बैठकर ट्विटर और एसी की राजनीति कर रहे हैं, जबकि जिलों में उनके खिलाफ विरोध बढ़ रहा है।
‘चाचा को सुबह-शाम दंडवत प्रणाम कीजिए’
सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को आज से ही अपने सबसे छोटे सगे चाचा शिवपाल यादव को सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करना शुरू कर देना चाहिए। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि ऐसा करने से शायद चाचा का दिल पिघल जाए और वह पुराने अपमान भुलाकर फिर से साथ आ जाएं।
‘हर सीट पर खड़े होंगे बागी उम्मीदवार’
राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में दावा किया कि यदि सपा के भीतर चल रही कथित खींचतान का समाधान नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में हर सीट पर बागी उम्मीदवार सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे उम्मीदवारों को फंडिंग और राजनीतिक समर्थन भी दिया जा सकता है। राजभर ने कहा कि वीडियो कॉलिंग के जरिए बड़े नेताओं और प्रभावशाली लोगों से बातचीत तथा डीलिंग की जाएगी।
ओपी राजभर के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पूर्वांचल में यादव वोट बैंक में 18 प्रतिशत गिरावट, पुतला दहन और बागी उम्मीदवारों को लेकर किए गए दावे फिलहाल राजभर के राजनीतिक आरोप हैं। इन पर समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Advertisements…….





