State NewsUttar Pradesh

एसआरएमयू में एलएंडटी एजूटेक के सहयोग से ईवी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ

ईवी तकनीक में उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण से छात्रों को मिलेगा रोजगार का नया अवसर

लखनऊ। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) में सोमवार को एलएंडटी एजूटेक के सहयोग से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ किया गया। इस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के डिजाइन, विकास, संचालन, डायग्नोस्टिक्स एवं ट्रबलशूटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित कर सकेंगे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चांसलर इंजी. पंकज अग्रवाल, प्रो-चांसलर इंजी. पूजा अग्रवाल, कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय कुमार तिवारी, एलएंडटी एजूटेक के सेगमेंट हेड पी. के. प्रधान, ब्रांच हेड पाराग जैन, कुलपति सलाहकार प्रो. (डॉ.) नीरजा जिंदल, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) हेमेन्द्र शर्मा, मैकेनिकल इंजीनियरिंग संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) राजेश पोरवाल, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. (डॉ.) अपूर्व आनंद सहित विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

चांसलर इंजी. पंकज अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय कौशल आधारित शिक्षा का है और भारत तेजी से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा हरित प्रौद्योगिकी की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में उद्योग के सहयोग से स्थापित यह सेंटर विद्यार्थियों को केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग के लिए पूर्ण रूप से तैयार करेगा।

प्रो-चांसलर इंजी. पूजा अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा में नवाचार को प्राथमिकता देता है। एलएंडटी एजूटेक के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय कुमार तिवारी ने कहा कि यह सेंटर विद्यार्थियों के लिए एक्सपीरिएंशियल लर्निंग का उत्कृष्ट मंच बनेगा, जहां उन्हें वास्तविक औद्योगिक तकनीकों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा। वहीं डीन प्रो. (डॉ.) राजेश पोरवाल और निदेशक प्रो. (डॉ.) अपूर्व आनंद ने इसे उद्योग-समन्वित एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

एलएंडटी एजूटेक के सेगमेंट हेड पी. के. प्रधान ने कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों की मजबूत साझेदारी ही भविष्य के कुशल इंजीनियर तैयार कर सकती है। ब्रांच हेड पाराग जैन ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग तेजी से बढ़ रही है और यह सेंटर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा।

ईवी तकनीक की आधुनिक लैब से मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थी बैटरी बिल्डिंग प्रोसेस, ईवी मोटर कंट्रोल सिस्टम, एम्बेडेड सिस्टम आधारित डैशबोर्ड डिजाइन तथा संपूर्ण ईवी पावरट्रेन सिस्टम की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इससे उन्हें आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक की गहन समझ विकसित करने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button