Politics

मण्डलायुक्त कार्यालय में सुनवाई के पश्चात अलंकार अग्निहोत्री ने की प्रेस वार्ता, कहा– मेरा इस्तीफा तत्काल स्वीकार किया जाए I

बरेली : पूर्व नगर मजिस्ट्रेट एवं राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री जी सोमवार को अपने इस्तीफे से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए मण्डलायुक्त कार्यालय पहुंचे। दोपहर 12 बजे हुई सुनवाई के दौरान उन्होंने अपने पक्ष से जुड़े सभी महत्वपूर्ण तथ्य एवं दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
सुनवाई के पश्चात मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्व में ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई एवं निलंबन पूर्ण रूप से अनुचित है। उन्होंने कहा कि जब वह पहले ही इस्तीफा दे चुके थे तो उनका इस्तीफा तत्काल स्वीकार किया जाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि यदि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाता है तो वह न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और विधिक प्रक्रिया के माध्यम से अपना इस्तीफा स्वीकार कराएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम मंदिर के चंदे से जुड़े विषय पर भी सवाल उठाए और भारतीय जनता पार्टी की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा जनता के अधिकारों, न्याय और पारदर्शिता की लड़ाई संवैधानिक तरीके से लड़ता रहेगा।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का उद्देश्य आम नागरिकों की आवाज को मजबूती देना और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना है। संगठन आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को और मजबूती से उठाएगा।
इसके पश्चात अलंकार अग्निहोत्री जी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ब्लॉक आलमपुर के ग्राम कैमुआ पहुंचे, जहां लगभग 25 वर्षों तक ग्राम प्रधान रहे स्वर्गीय भानु प्रताप उपाध्याय जी के दसवां संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला अध्यक्ष आर्येंद्र मिश्रा, महानगर अध्यक्ष एकांश गुप्ता, प्रमोद उपाध्याय, जिला महासचिव शंभु पाठक, उत्कर्ष मिश्रा जिला उपाध्यक्ष ,देवांश शंखधर (महानगर अध्यक्ष युवा), सुबोध मिश्रा (बिथरी विधानसभा अध्यक्ष युवा), कुसुमलता बहन, संस्थापक सदस्य केशव शंखधर एवं पंडित रजत मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button