
हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किए गए दौरों व भाजपा संगठन द्वारा बनाई गई रणनीति के तहत तेज गति से शुरू हुए प्रचार प्रसार ने भाजपा उम्मीदवार रणजीत के जनसंपर्क अभियान को तूफानी गति प्रदान की है। खुद उम्मीदवार रणजीत सिंह जहां विभिन्न हलकों का दौरा करके समर्थन जुटा रहे हैं वहीं पार्टी की अन्य टीमों को काम बांटकर संगठन ने एक रणनीति के तहत चुनाव मैदान में झोंक दिया है। पार्टी का प्रयास है कि यहां से रणजीत सिंह केवल जीत नहीं बल्कि ऐतिहासिक जीत के साथ लोकसभा में पहुंचे।
पार्टी संगठन ने एक रणनीति के तहत हर वर्ग को साधने का निश्चय किया है। इसके तहत युवा मोर्चा को युवाओं में, महिला मोर्चा को महिलाओं में, अनुसूचित जाति मोर्चा व ओबीसी मोर्चा सहित अन्य मोर्चों व प्रकोष्ठों की टीम को अपने—अपने क्षेत्र में कार्य करने के निर्देश दिए गए है। इस रणनीति ये सभी टीमें गांव—गांव व घर—घर जाकर भाजपा उम्मीदवार के लिए समर्थन जुटाएंगी। पार्टी का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी बहुत से लोग है, जिन्हें केन्द्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों की जानकारी नहीं है। ऐसे में ये टीमें जनता को कल्याणकारी नीतियों की जानकारी देंगी और इन नीतियों को आगे जारी रखने के लिए केन्द्र में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए भाजपा उम्मीदवार को वोट देने के लिए अपील करेंगी।
सबसे खास बात यह है कि किसान मोर्चा को विशेष तौर पर जिम्मेवारी दी गई है कि वह किसानों में जाकर सरकार की नीतियां बताए। इसके तहत किसान सम्मान निधि, हरियाणा सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा के समय दिया गया मुआवजा, सौर उर्जा उपकरण लगाने व खेत में डिग्गी खोदने पर दी जा रही 75 प्रतिशत सबसिडी जैसी योजना से किसानों को अवगत करवाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि विपक्ष के लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं जबकि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में जो कल्याणकारी नीतियां लागू की है, उससे किसानों का जीवन स्तर सुधरा है।
भाजपा हिसार लोकसभा संयोजक रवि सैनी का मानना है कि भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह का ग्राफ दिन—प्रतिदिन बढ़ रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण उनकी व्यक्तिगत छवि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का तूफानी प्रचार अभियान व पार्टी की विभिन्न टीमों द्वारा की जा रही मेहनत है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि वोट मांगने के साथ—साथ हर मतदाता को जागरूक किया जाए कि वह मतदान अवश्य करें। ऐसे में पार्टी मतदाताओं को जागरूक भी कर रही है, जिसका पार्टी को सीधा फायदा हो रहा है।
पार्टी लोकसभा मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि लोकसभा संयोजक रवि सैनी के आवास पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नेताओं एवं शहर के गणमान्य व्यक्तियों से विचार—विमर्श करके जीत की रणनीति पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के आगमन के बाद दिन—प्रतिदिन भाजपा का चुनाव प्रचार गति पकड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रवि सैनी के आवास पर मुख्य रूप से मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल, उम्मीदवार रणजीत सिंह, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी, पार्टी नेता प्रवीण पोपली, सब्जी मंडी प्रधान मोहनलाल सैनी, मामन राम सैनी, कुम्हार धर्मार्थ ट्रस्ट के प्रधान राधेश्याम जलंधरा, अनाज मंडी प्रधान अशोक गुप्ता, सुभाष सैनी, राजेन्द्र खेड़ा वाले, पवन सैनी चौटाला, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर दयानंद सैनी, जिला महामंत्री अशोक सैनी, रणधीर सिंह धीरू, भाजपा नेता कृष्ण खटाणा, लोकेश असीजा, प्रीतम सैनी, मा. जयप्रकाश, पिंकी शर्मा, मनोहर लाल, प्रवीण केड़िया, शुभम वलेेचा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601